डॉ.धन सिंह रावत के जन्मदिवस पर श्रीकोट बेस अस्पताल में उमड़ा सेवा का जज्बा-युवाओं ने किया

 

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को राजकीय बेस चिकित्सालय,श्रीकोट में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं,छात्र नेताओं,अस्पताल कर्मियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का प्रेरक संदेश दिया। रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। आयुष मियां,पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकित रावत सहित अनेक युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी मरीज और उसके परिजनों के लिए बेहद संवेदनशील समय होता है।‌ऐसे में समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन और मृत्यु के बीच संजीवनी का काम करता है। शिविर के दौरान युवाओं में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं,बल्कि मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का सशक्त माध्यम है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं होने के कारण स्वस्थ एवं सक्षम लोगों द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महादान की भावना को समाज में और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। विशेष रूप से युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में भागीदारी के लिए आगे आना चाहिए। युवाओं की सक्रिय सहभागिता समाज में सेवा,सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को नई दिशा देती है। श्रीकोट बेस अस्पताल में आयोजित इस शिविर ने यह संदेश भी दिया कि किसी व्यक्ति के जन्मदिवस को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय यदि उसे जनसेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़ा जाए तो उसका महत्व और बढ़ जाता है। रक्तदान के माध्यम से युवाओं ने यह साबित किया कि समाज सेवा केवल मंचों और भाषणों तक सीमित नहीं है,बल्कि जरूरत के समय किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने के लिए आगे आना ही सच्ची मानव सेवा है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके स्वस्थ,दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की गई।‌उपस्थित युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनसेवा की भावना को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। रक्तदान शिविर में मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा यशीश रावत सहित अन्य युवा,सामाजिक कार्यकर्ता एवं अस्पताल से जुड़े लोग मौजूद रहे। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं के प्रति आयोजकों ने आभार व्यक्त करते हुए समाज के अन्य सक्षम लोगों से भी रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।