खाली प्लॉट में मिला 35 वर्षीय युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

 

सितारगंज। नगर के वार्ड नंबर 11 निवासी करीब 35 वर्षीय पप्पू राठौर का शव तिरंगा चौराहे के निकट पांडरी मार्ग पर एक खाली प्लॉट में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई स्थानीय लोगों ने प्लॉट में युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा तो तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की।

जांच के दौरान मृतक की पहचान वार्ड नंबर 11 निवासी पप्पू राठौर पुत्र काशीराम राठौर के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। युवक की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं पत्नी का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच युवक की मौत को नशे से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी इस दौरान मृतक की पत्नी ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए कहा कि वह बेहद गरीब है और पोस्टमार्टम का खर्च उठाने में भी असमर्थ है। ऐसे कठिन समय में वार्ड नंबर 11 के सभासद शिवपाल चौहान ने परिवार की मदद के लिए आगे आते हुए पोस्टमार्टम का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली। उन्होंने कहा कि परिवार गरीब है और इस दुख की घड़ी में उसकी हर संभव मदद की जाएगी घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।