पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने और समाज में स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से तंबाकू मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत जनता इंटर कॉलेज जामणाखाल खिर्सू में विद्यार्थियों के साथ विशेष समूह चर्चा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की परामर्शदाता दुर्गा नेगी ने विद्यार्थियों को तंबाकू,धूम्रपान तथा अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है,बल्कि उसके मानसिक संतुलन,पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के शुरुआती आकर्षण से सावधान रहने तथा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों से पूरी तरह दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को समझाया गया कि युवा पीढ़ी किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा,खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं,तो वे न केवल अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं,बल्कि एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। परिचर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं,जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। साथ ही बच्चों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को तंबाकू और नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा तंबाकू मुक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद डोभाल,महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ.स्वाती,चिकित्सा अधिकारी डॉ.अतुल,फार्मासिस्ट प्रदीप रावत सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे। नशामुक्त युवा,स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। इसी संदेश के साथ आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध सजग रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने की प्रेरणा दी।