पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की देवभूमि सांस्कृतिक,धार्मिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य की अनुपम धरोहर है। इसी धरोहर को पर्यटन की नई पहचान दिलाने की दिशा में पौड़ी जनपद में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। पौड़ी की हसीन वादियों के बीच लगभग 95 लाख रुपये की लागत से विकसित इको एडवेंचर पार्क अब पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनकर तैयार है। मंगलवार को स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी,जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया,नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी,ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी एवं मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संयुक्त रूप से पार्क का विधिवत शुभारंभ किया। जिपलाइन के रोमांच,स्थानीय महिलाओं के पारंपरिक झुमैलो और चौफला नृत्य तथा नागरिकों के उत्साह ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण इस पार्क में रोमांच और मनोरंजन का ऐसा संगम तैयार किया गया है,जहां पर्यटक प्रकृति की गोद में साहसिक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। पार्क में नेट ब्रिज,लॉग टू लॉग ब्रिज,टनल,स्पेस वॉक,वॉल टू वॉल ब्रिज,मोगली ब्रिज,जिग-जैग ब्रिज,जिपलाइन, कमांडो नेट और टायर क्लाइम्बिंग सहित दस प्रकार की साहसिक गतिविधियां विकसित की गई हैं। इसके साथ ही मड कैफे,बैठने की बेहतर व्यवस्था,बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इस प्रकार यह पार्क बच्चों,युवाओं और परिवारों के लिए मनोरंजन एवं रोमांच का एक नया ठिकाना बनेगा। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि पौड़ी शहर में लंबे समय से इस प्रकार के पर्यटन स्थल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इको एडवेंचर पार्क के निर्माण से शहर को एक नई पर्यटन धरोहर मिली है। उन्होंने इसके विकास में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस संपत्ति को सुरक्षित रखना,स्वच्छता बनाए रखना और इसकी सुविधाओं का संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यहां स्थानीय बच्चों को साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा,जिससे भविष्य में वे प्रशिक्षक बनकर रोजगार और स्वरोजगार से भी जुड़ सकेंगे। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जिला योजना के अंतर्गत लगभग 95 लाख रुपये की लागत से इस पार्क को विकसित किया गया है। इसकी परिकल्पना को धरातल पर उतारने में वन पंचायत और स्थानीय महिलाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि एडवेंचर गतिविधियों एवं कैफे के संचालन के लिए आवश्यक कार्मिक तैनात किए जाएंगे। सभी साहसिक गतिविधियां प्रशिक्षित विशेषज्ञों की देखरेख में संचालित होंगी तथा सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में एडवेंचर टूरिज्म के प्रति पर्यटकों का आकर्षण तेजी से बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पौड़ी में इस पार्क की परिकल्पना की गई और सामूहिक प्रयासों से एक वर्ष से भी कम समय में इसे तैयार किया गया। उन्होंने कहा कि पार्क के संचालन से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण,रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। प्रशासन का प्रयास है कि स्थानीय युवा इस क्षेत्र में दक्षता हासिल कर भविष्य में स्वयं ऐसी गतिविधियों का संचालन करने में सक्षम बनें। उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों से पार्क का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से पौड़ी को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि पौड़ी में इको एडवेंचर पार्क की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। जिला प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के साझा प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सुविधा विकसित हुई है। इससे पौड़ी में पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि पर्यटन गतिविधियों का विस्तार शहर के समग्र विकास को नई दिशा देगा। ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने पार्क में स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक परिवेश को संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस खूबसूरत स्थल की पहचान और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत मैठाणी ने कहा कि पौड़ी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। एसोसिएशन विभिन्न टूर ऑपरेटरों को पौड़ी के पर्यटन स्थलों और यहां विकसित सुविधाओं से परिचित कराएगा,ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां पहुंच सकें। उन्होंने पौड़ी को मसूरी और लैंसडाउन की तर्ज पर पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने की आवश्यकता बताई। एसोसिएशन के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने पौड़ी में उत्तराखंड टूर कॉन्क्लेव आयोजित करने की बात भी कही। उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिली। स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक झुमैलो और चौफला लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक गीतों की मधुर धुनों पर महिलाओं की प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने स्वयं जिपलाइन गतिविधि में भाग लेकर इसकी शुरुआत की। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने भी जिपलाइन का रोमांच अनुभव किया। साहसिक गतिविधियों के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा (सेवानिवृत्त) ने पार्क के विकास के लिए जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उपस्थित मीडियाकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने भी पार्क के निर्माण तथा इसके लिए चयनित स्थल की सराहना की। इस अवसर पर किसान आयोग के सदस्य ओमप्रकाश जुगरान,कनिष्ठ उप प्रमुख नीरज पटवाल,कुलदीप गुसाईं,संस्कृति साहित्य कला समिति के सदस्य राकेश नौडियाल,वन पंचायत पौड़ी-कांडई के पंच नरेंद्र नेगी,सुनील नेगी एवं संतन सिंह नेगी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने,अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई धीरज सैनी,जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी,एबीडीओ धनपाल नेगी,कनिष्ठ अभियंता उपेंद्र शाह,उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी,जनप्रतिनिधि,महिलाएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने किया। इको एडवेंचर पार्क का शुभारंभ केवल एक पर्यटन स्थल की शुरुआत नहीं,बल्कि पौड़ी की पर्यटन संभावनाओं को नई दिशा देने वाला कदम है। प्राकृतिक सौंदर्य,साहसिक गतिविधियों और स्थानीय लोकसंस्कृति का यह संगम आने वाले समय में पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए आजीविका के नए अवसर भी पैदा कर सकता है। जरूरत इस बात की है कि इस पहल को बेहतर प्रचार-प्रसार,सुरक्षित संचालन और स्थानीय सहभागिता के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ाया जाए।