श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक,धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी श्रीनगर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 को इस बार आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में नगर निगम श्रीनगर ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब मेले में आने वाले श्रद्धालुओं,पर्यटकों और आमजन को कार्यक्रमों की जानकारी,आयोजन की तिथि,समय-सारणी अथवा मेला स्थल की लोकेशन जानने के लिए किसी से पूछताछ करने की आवश्यकता नहीं होगी। मोबाइल से महज एक QR कोड स्कैन करते ही मेले से जुड़ी तमाम महत्वपूर्ण जानकारियां सीधे मोबाइल स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएंगी। नगर निगम श्रीनगर की ओर से शुरू की गई इस डिजिटल सुविधा का शुभारंभ महापौर आरती भण्डारी ने विशेष QR कोड लॉन्च कर किया। इस पहल के माध्यम से 23 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। QR कोड स्कैन करते ही मेले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की सूची,उनकी निर्धारित तिथियां,समय-सारणी तथा मेला स्थल की गूगल लोकेशन प्राप्त की जा सकेगी। महापौर आरती भण्डारी ने कहा कि बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक,सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का प्रतीक है। इस आयोजन में स्थानीय नागरिकों के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जनपदों और दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में मेले से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां लोगों को सरलता और सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह डिजिटल व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि मेले की पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए आधुनिक तकनीक का समावेश किया जाए,ताकि बाहर से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। QR कोड के माध्यम से श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार पहले से ही कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और निर्धारित समय पर अपने पसंदीदा आयोजनों में सहभागिता कर सकेंगे। इस डिजिटल पहल से विशेष रूप से बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को लाभ मिलेगा। मेला स्थल तक पहुंचने के लिए गूगल लोकेशन की सुविधा उपलब्ध होने से रास्ता तलाशने में भी आसानी होगी। वहीं कार्यक्रमों की समय-सारणी मोबाइल पर उपलब्ध होने से लोगों को मेले की गतिविधियों की जानकारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। नगर निगम की यह पहल बदलते समय के साथ श्रीनगर के पारंपरिक आयोजनों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास है। अब श्रद्धालुओं के लिए मेले की जानकारी उनकी जेब में मौजूद मोबाइल फोन पर उपलब्ध होगी। यानी अब सवाल नहीं कि मेले में क्या होगा,कब होगा और कहां होगा-बस QR कोड स्कैन कीजिए और बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले की पूरी जानकारी पाइए।