श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार की नई उम्मीद लेकर श्रीनगर में बुधवार,18 नवंबर को गढ़वाल स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत की पहल पर राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर में आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में देश की लगभग 55 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। मेले के माध्यम से करीब दो हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य और उम्मीद जताई जा रही है। रोजगार मेले को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। यही वजह है कि अब तक 1,429 युवा अपना पंजीकरण करा चुके हैं। रोजगार के अवसरों की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह मेला एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है। खासकर तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर चुके युवाओं को अपनी योग्यता,कौशल और तकनीकी दक्षता के अनुरूप कंपनियों के सामने प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। एक ही परिसर में 55 कंपनियों की मौजूदगी युवाओं को रोजगार के विभिन्न विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने राजकीय पॉलिटेक्निक सहित गढ़वाल क्षेत्र के विभिन्न तकनीकी शिक्षण संस्थानों से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है,ताकि युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता और तकनीकी दक्षता के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकें। डॉ.रावत ने बताया कि उनके विभागों के माध्यम से अब तक लगभग 24 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इसी कड़ी में श्रीनगर में आयोजित होने जा रहे रोजगार मेले से भी लगभग दो हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। उन्होंने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाते हुए पूरे उत्साह के साथ चयन प्रक्रिया में शामिल होने का आह्वान किया। वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक के डिप्टी डायरेक्टर एस.के.वर्मा ने बताया कि रोजगार मेले की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें वर्तमान सत्र के पासआउट छात्र-छात्राओं के साथ ही पिछले वर्ष उत्तीर्ण हुए युवा भी प्रतिभाग कर सकेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन युवाओं ने अभी तक पूर्व पंजीकरण नहीं कराया है,वे भी सीधे रोजगार मेले में पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं और चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि मेले में प्रतिभाग करने वाली लगभग 55 कंपनियां युवाओं की शैक्षिक योग्यता,तकनीकी दक्षता एवं कौशल के आधार पर चयन प्रक्रिया संचालित करेंगी। गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए यह रोजगार मेला केवल नौकरी पाने का अवसर ही नहीं,बल्कि अपनी प्रतिभा और तकनीकी कौशल को साबित करने का भी एक बेहतर मंच है। पहाड़ के युवाओं को रोजगार की तलाश में दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में श्रीनगर में एक साथ 55 कंपनियों की उपस्थिति स्थानीय युवाओं के लिए विशेष महत्व रखती है। अब निगाहें 18 नवंबर को होने वाले इस आयोजन पर टिकी हैं,जहां युवाओं की उम्मीदें और कंपनियों की चयन प्रक्रिया रोजगार की नई संभावनाओं को आकार देंगी।