देवभूमि परिवार पोर्टल को भाजपा विधि प्रकोष्ठ ने बताया जनहितकारी पहल,धामी-योगी की राष्ट्रीय सर्वेक्षण में प्रमुख रैंकिंग पर अधिवक्ताओं ने जताई खुशी

 

 

श्रीनगर गढ़वाल। देशभर के मुख्यमंत्रियों के कामकाज एवं लोकप्रियता को लेकर सामने आए राष्ट्रीय सर्वेक्षण में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिली प्रमुख रैंकिंग पर भारतीय जनता पार्टी जिला विधि प्रकोष्ठ एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं उत्तराखंड सरकार द्वारा नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए देवभूमि परिवार पोर्टल के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार प्रकट किया गया। इस संबंध में भाजपा जिला विधि प्रकोष्ठ के संयोजक अनूप पांथरी के नेतृत्व में आयोजित बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं विधि प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय सर्वेक्षण के निष्कर्षों पर प्रसन्नता जताते हुए राज्य सरकार की डिजिटल एवं जनहितकारी पहल का स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला संयोजक अनूप पांथरी ने कहा कि राष्ट्रीय सर्वेक्षण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज को मिली सराहना प्रदेशों में संचालित शासन एवं विकास संबंधी पहलों की चर्चा को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रारंभ किया गया देवभूमि परिवार पोर्टल उत्तराखंड के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने,विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी ने कहा कि प्रदेश में जनहित से जुड़े निर्णयों,विकास कार्यों और तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बढ़ावा देने के प्रयासों पर सकारात्मक चर्चा होना उत्साहजनक है। उन्होंने देवभूमि परिवार पोर्टल को नागरिकों और सरकारी योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में उपयोगी कदम बताया। बैठक में विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक विकास पंत,पूर्व अध्यक्ष दीपक भंडारी,अध्यक्ष प्रमेश चंद्र जोशी,महासचिव ब्रह्मानंद भट्ट,विवेक जोशी,पूर्व सह सचिव प्रदीप मैठाणी,देवी प्रसाद खरे,सुबोध भट्ट,महेंद्र पाल सिंह रावत,सुनीता भंडारी,बलबीर सिंह रौतेला,ओम प्रकाश मैठाणी,राजेश जैन,प्रेरणा काला,नितेश भारती,कुलदीप दानू,गौरव उपाध्याय एवं परमानंद मैठाणी सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में उपस्थित विधि प्रतिनिधियों ने आशा व्यक्त की कि देवभूमि परिवार पोर्टल जैसी तकनीक आधारित पहल से प्रदेश में सरकारी सेवाओं की पहुंच और अधिक सुगम होगी तथा पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।