स्व. अजय सरदाना की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर का महापौर विकास शर्मा ने किया शुभारंभ

 

 

बोले- रक्तदान सबसे बड़ा महादान, किसी जरूरतमंद की जान बचाने के लिए अधिक से अधिक लोग आएं आगे

 

रुद्रपुर। समाजसेवी एवं वरिष्ठ व्यापारी स्व. अजय सरदाना की स्मृति में रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच एवं उनके परिवार की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर का महापौर विकास शर्मा ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्व. अजय सरदाना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही रक्तदान के लिए आगे आए लोगों की सराहना करते हुए इसे मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताया। शिविर में कई लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का संकल्प लिया।

 

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ व्यापारी एवं समाजसेवी स्व. अजय सरदाना की पुण्यतिथि पर उनके परिवार और रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच की ओर से दीपावली मेले में रक्तदान शिविर का आयोजन करना सराहनीय पहल है। स्व. सरदाना ने समाज में अपनी सेवाभावी कार्यशैली से जो पहचान बनाई, उनकी स्मृति में इस तरह के जनहितकारी आयोजन उनकी यादों को जीवंत रखने के साथ ही समाज को सकारात्मक संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान वास्तव में सबसे बड़ा महादान है, क्योंकि रक्त की एक बूंद किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकती है।

 

महापौर ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान करते रहे हैं। आज समाज में अनेक ऐसे मरीज हैं, जिन्हें उपचार के दौरान नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को भी समय-समय पर रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान ही जरूरतमंदों की सहायता का सबसे प्रभावी माध्यम है। रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

 

महापौर ने दीपावली मेले में पहुंच रहे नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे भी आगे आकर रक्तदान करें। त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होंगी, जब हम किसी जरूरतमंद की मदद कर सकें और किसी परिवार के जीवन में खुशियां लौटाने का माध्यम बनें। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से हम किसी अनजान व्यक्ति की जान बचाकर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा सकते हैं।

 

महापौर ने स्व. अजय सरदाना के परिवार की सराहना करते हुए कहा कि परिवार द्वारा उनकी स्मृति में लगातार सामाजिक और जनहितकारी कार्यों को आगे बढ़ाना प्रेरणादायी है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि स्व. अजय सरदाना को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनका आशीर्वाद सदैव उनके परिवार एवं शहर पर बना रहे। उन्होंने रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच और सरदाना परिवार का इस पुनीत आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से शहर में सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों की भावना मजबूत होती है।

 

इस दौरान केवल कृष्ण बत्रा, रितेश मनोचा, शिवेन सेठी, पवन गाबा पाली, अमित बंगा, मोहित बत्रा, राजेश कमारा, राजेश बजाज, मनीष चावला, वार्ड नंबर एक के पार्षद पवन राणा, वार्ड नंबर 40 के पार्षद बीनू, वार्ड नंबर 28 के पार्षद चिराग कालरा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।