श्रीनगर गढ़वाल। कारगिल शहीद कुलदीप सिंह राजकीय इंटर कॉलेज खण्डाह में आयोजित क्विज प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी ज्ञान क्षमता,त्वरित निर्णय क्षमता एवं आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। पांच राउंड में प्राप्त अंकों के आधार पर बद्री केदार सदन ने 56 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया,जबकि गंगोत्री सदन 46 अंकों के साथ उपविजेता तथा नन्दा देवी सदन 37 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के उपरांत आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह में विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी भोपाल सिंह चौधरी ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्विज जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि होने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास,तार्किक क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। विद्यालय में पहुंचने पर भोपाल चौधरी ने भाजपा के शीर्ष नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी स्व.डॉ.मोहन सिंह रावत गांववासी को भी भावपूर्ण स्मरण किया। उन्होंने कहा कि स्व.डॉ.गांववासी सच्चे देशभक्त एवं समाजसेवी थे। उल्लेखनीय है कि राजकीय इंटर कॉलेज खण्डाह के भवन की आधारशिला स्व.डॉ.गांववासी द्वारा रखी गई थी। इस अवसर पर भोपाल चौधरी ने उनके साथ बिताए समय की स्मृतियां भी साझा की और उनके योगदान को याद किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह नेगी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ ऐसी रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन आवश्यक है। प्रतियोगिता के आयोजक एवं संयोजक महेश गिरि ने आयोजन में विशेष सहयोग के लिए मीमांसा चमोली का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा की। प्रतियोगिता में तीन टीमों ने प्रतिभाग किया। टीम ए-गंगोत्री सदन में कु.सुहानी भण्डारी कक्षा 12, कु.इशिका चौहान कक्षा 11 तथा कु.वैष्णवी गैरोला कक्षा 11 शामिल रहीं। टीम बी-नन्दा देवी सदन में कु.अक्षिता गैरौला कक्षा 10,रविन धनाई कक्षा 11 तथा कु.प्रिया कक्षा 9 ने प्रतिभाग किया। वहीं टीम सी-बद्री केदार सदन में कु.आंचल नेगी कक्षा 12, कु.अम्बिका पाण्डेय कक्षा 11 तथा कु.अनन्या नेगी कक्षा 9 शामिल रहीं। प्रतियोगिता का अंतिम परिणाम प्रथम स्थान बद्री केदार सदन-56 अंक,द्वितीय स्थान गंगोत्री सदन-46 अंक,तृतीय स्थान नन्दा देवी सदन-37 अंक। कार्यक्रम में गोविन्द सिंह नथवान,हेम चन्द्र ममगाईं,जसपाल सिंह बिष्ट,कुंजबिहारी सकलानी,भगवती प्रसाद गौड़,कुसुम लता थपलियाल एवं लक्ष्मी सेन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पवन ग्वाड़ी,मयंक पंत एवं राकेश रुडोला का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।








