रंगों और किताबों से सजे जरूरतमंद बच्चों के सपने, ‘सेवा संकल्प अभियान’ में 50 छात्रों को शिक्षा सामग्री वितरित

रंगों और किताबों से सजे जरूरतमंद बच्चों के सपने, ‘सेवा संकल्प अभियान’ में 50 छात्रों को शिक्षा सामग्री वितरित, पढ़ाई के साथ रचनात्मकता को बढ़ावा गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल की ओर से सेवा का अलग रंग देखने को मिला। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में रहने वाले करीब 50 जरूरतमंद बच्चों को ड्रॉइंग-पेंटिंग किट, कॉपियां, पेन, पेंसिल, कलर सहित अन्य शिक्षण सामग्री वितरित की गई। नई सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज में बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम है। जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराने से उनकी आवश्यकताएं पूरी होने के साथ उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। अभियान में केवल पाठ्य सामग्री ही नहीं, बल्कि ड्रॉइंग और पेंटिंग की सामग्री भी बच्चों को दी गई। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को पढ़ाई के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित करना है। अभियान के मुख्य संयोजक नरेंद्र मेलवान ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे माह विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे और जरूरतमंद वर्ग तक शिक्षा की पहुंच बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, नरेंद्र मेलवान, कुलदीप जड़वान, अर्जुन नेगी, सभासद गौरी थपलियाल, अनीता धनाई, महिला मोर्चा अध्यक्ष यशोदा शर्मा, अभिलाष, सपना, पुष्पदीप शर्मा, देवेंद्र मलासी सहित छात्रावास के वार्डन, शिक्षक और अन्य लोग मौजूद रहे। छात्रावास प्रबंधन ने बच्चों के लिए की गई इस पहल पर अभियान की टीम का आभार जताया।