मसूरी में गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजे भजन, गणेश जोशी ने किया ध्वजारोहण

मसूरी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को मसूरी के गांधी चौक में श्रद्धा और देशभक्ति का माहौल रहा। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने ध्वजारोहण कर दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। स्कूली छात्र-छात्राओं ने गांधीजी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। इस दौरान रामपुर तिराहा गोलीकांड की बरसी पर शहीद हुए उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को भी श्रद्धांजलि दी गई। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देशवासियों को एकजुट किया और स्वतंत्रता आंदोलन को दिशा दी। वहीं लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी और नैतिकता के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1965 के युद्ध के दौरान शास्त्रीजी ने देश की सुरक्षा और संप्रभुता के प्रति दृढ़ नेतृत्व दिया। उनका दिया नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी जवानों और किसानों के योगदान की याद दिलाता है। जोशी ने शास्त्रीजी के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि रेल मंत्री रहते हुए दुर्घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेकर इस्तीफा देना उनके उच्च आदर्शों का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और शास्त्रीजी के विचार आज भी समाज को सत्य, सेवा और जिम्मेदारी का संदेश देते हैं। राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन करते हुए मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों का संघर्ष और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने शहीदों के सपनों के अनुरूप प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मोहन पेटवाल सहित स्थानीय नागरिक और स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।