श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने उन छात्र-छात्राओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है,जो निर्धारित अर्हता विषयों में उत्तीर्ण नहीं हो पाए हैं। विश्वविद्यालय की विद्या परिषद की 25 वीं बैठक में छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण विज्ञान तथा प्रारंभिक बहीखाता एवं लेखाशास्त्र विषयों की अर्हता परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए एक अंतिम अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से ऐसे छात्र-छात्राओं को राहत मिलने की उम्मीद है,जो इन अर्हता विषयों में आवश्यक योग्यता प्राप्त नहीं कर सके थे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया है,ताकि उन्हें परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर मिल सके। विश्वविद्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार अर्हता परीक्षा के लिए ऑफलाइन आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया 21 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है,जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए विद्यार्थियों को पांच हजार रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। इन अर्हता विषयों की परीक्षा का आयोजन बिड़ला परिसर श्रीनगर गढ़वाल में किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पत्र एवं शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर लें। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक छात्र-छात्रा विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.hnbgu.ac.in से ऑफलाइन परीक्षा आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित परीक्षा शुल्क विश्वविद्यालय के नकद काउंटर,ऑनलाइन माध्यम अथवा बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा किया जा सकेगा। बैंक ड्राफ्ट वित्त अधिकारी हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल के नाम देय होगा। विद्यार्थियों को परीक्षा आवेदन पत्र के साथ निर्धारित शुल्क संबंधी विवरण अपने संबंधित महाविद्यालय अथवा संस्थान के प्राचार्य से अग्रसारित करवाना होगा। इसके बाद आवेदन पत्र को 20 अक्टूबर 2026 तक विश्वविद्यालय के परीक्षा अनुभाग में जमा करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए प्रवेश पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया से जुड़े सभी आवश्यक चरण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे करना विद्यार्थियों की जिम्मेदारी होगी। ऐसे में संबंधित छात्र-छात्राओं को समय रहते अपने महाविद्यालय अथवा संस्थान से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है। आवेदन पत्र भरने अथवा परीक्षा संबंधी प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर छात्र-छात्राएं अपने संबंधित महाविद्यालय,संस्थान अथवा परिसर से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के परीक्षा अनुभाग के अनुभाग अधिकारी से दूरभाष संख्या 9410127055 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। विश्वविद्यालय के इस निर्णय को अर्हता विषयों में आवश्यक योग्यता हासिल न कर पाने वाले विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। अंतिम अवसर मिलने से संबंधित छात्र-छात्राओं को अपनी शैक्षणिक प्रक्रिया पूरी करने का एक और मौका मिलेगा।








