पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। गांव की चौपाल से लेकर सरकारी कार्यालयों तक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटक रहे ग्रामीणों के लिए सेवा संकल्प अभियान उम्मीद की एक नई किरण बनकर सामने आया। सरकार और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद का माध्यम बने बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 47 शिकायतें दर्ज की गईं,जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत दी गई। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड पौड़ी सभागार में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के साथ ही उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना रहा। शिविर की अध्यक्षता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्रता के अनुसार उनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है। इससे समस्याओं को समझने,उनका समाधान करने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सुविधा मिलती है। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने शिविर में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर नहीं हो पाया है,उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा संबंधित विभागीय अधिकारी शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी करें। सीडीओ ने कहा कि पात्र लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना विभागीय अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए,ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए बहुउद्देशीय स्टॉलों का अतिथियों एवं अधिकारियों ने निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं,पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क,पेयजल,विद्युत,ग्रामीण विकास,समाज कल्याण,कृषि,उद्यान,स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाने पर जोर दिया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिलने से उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिली। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी,ज्येष्ठ उप प्रमुख अर्चना तोपाल,कनिष्ठ उप प्रमुख नीरज पटवाल,पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय,खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद,एबीडीओ धनपाल सिंह नेगी,ब्लॉक मिशन मैनेजर विजय बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,कर्मचारी,जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।








