कालाढूंगी में शराब की दुकानों के विरोध में धरना, महिलाओं और पुरुषों ने उठाई दुकान बंद करने की मांग।स्थान – कालाढूंगी।रिपोर्टर – भगवान मेहरा।

कालाढूंगी के वार्ड नंबर 1 और 2 में स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने अंग्रेजी शराब की दुकान के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि वार्ड 2 में खुली अंग्रेजी शराब की दुकान को जल्द से जल्द बंद कराया जाए, साथ ही क्षेत्र में खोले जाने की तैयारी कर रही देशी शराब की दुकान के खिलाफ भी प्रशासन कार्रवाई करे।

धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और इसका सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय वापस लेने की मांग की।

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी की दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा ने भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि रिहायशी कॉलोनी में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री से भी वार्ता की गई है और जल्द ही इन शराब की दुकानों को यहां से हटाया जाना चाहिए।

वहीं हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अवतार सिंह रावत ने शासन-प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि शराब की दुकान खोलने की अनुमति देने से पहले क्षेत्र की स्थिति और स्थानीय लोगों की भावनाओं की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कालाढूंगी एक शांतिप्रिय क्षेत्र है और यहां शराब की दुकान खुलने से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। सरकार को इस फैसले पर पुनर्विचार कर इसे जल्द वापस लेना चाहिए।l