डीएफओ देवी प्रसाद बलूनी ने कहा- वनाग्नि पर काबू पाने के लिए समय पर सूचना और प्रशिक्षित वालंटियरों की भूमिका अहम, बेहतर कार्य करने वाले ग्रामीण सम्मानित
ममसूरी,25 नवंबर
रिपोर्टर सुनील सोनकर
मसूरी। गर्मियों में जंगलों को आग से बचाने और वनाग्नि की घटनाओं पर समय रहते काबू पाने के लिए मसूरी वन प्रभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अब वनाग्नि नियंत्रण की जिम्मेदारी केवल वन विभाग तक सीमित न रखते हुए स्थानीय ग्रामीणों और प्रशिक्षित वॉलंटियरों को भी इस अभियान से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसी उद्देश्य से मसूरी वन प्रभाग परिसर में हंस फाउंडेशन के सहयोग से वनाग्नि मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें आग बुझाने के आधुनिक तरीकों, बचाव कार्यों और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी देवी प्रसाद बलूनी ने वन संरक्षण में जनसहभागिता की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए विभाग के साथ स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग बेहद जरूरी है। जंगलों में आग लगने की घटनाओं को शुरुआती स्तर पर ही रोकने के लिए ग्रामीणों को जागरूक और प्रशिक्षित करना आवश्यक है। प्रशिक्षित वॉलंटियर समय पर सूचना देकर और विभागीय टीमों के साथ समन्वय बनाकर वनाग्नि नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उप प्रभागीय वनाधिकारी दिनेश प्रसाद नौडियाल ने कहा कि मसूरी वन प्रभाग में आगामी वनाग्नि सीजन को देखते हुए ग्रामीणों और स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें हंस फाउंडेशन महत्वपूर्ण सहयोग कर रहा है। मॉक ड्रिल के माध्यम से आग बुझाने की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों और बचाव के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वनाग्नि नियंत्रण में सराहनीय कार्य करने वाले वॉलंटियरों को सम्मानित भी किया गया, ताकि अन्य लोग भी वन संरक्षण के लिए आगे आएं। हंस फाउंडेशन की दिव्या ज्योति बिजल्वाण ने बताया कि फाउंडेशन की ओर से वॉलंटियर फायर फाइटरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वनाग्नि की स्थिति में वे वन विभाग के साथ मिलकर सहयोग कर सकें। हंस फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। जंगलों को आग से बचाना और स्थानीय समुदाय को इसके प्रति जागरूक करना भी इसी पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मॉक ड्रिल के दौरान वनाग्नि की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों, आग पर नियंत्रण पाने के तरीकों और राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान वनाग्नि रोकथाम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्थानीय ग्रामीणों, वॉलंटियरों और अन्य सहयोगियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जंगलों को आग से बचाना केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से ही इस चुनौती का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है। समय पर सूचना, जागरूकता और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की उपलब्धता से वन संपदा को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। इस मौके पर प्रभागीय वनाधिकारी देवी प्रसाद बलूनी, उप प्रभागीय वनाधिकारी दिनेश प्रसाद नौडियाल, मसूरी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह चौहान, रायपुर के वन क्षेत्राधिकारी हरीश गैरोला, हंस फाउंडेशन के सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर पुरुषोत्तम थपलियाल, दिव्या ज्योति बिजल्वाण सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।