14 साल तक सीबीआई मुकदमे का किया सामना, राम मंदिर आंदोलन से लेकर उत्तराखंड राज्य निर्माण तक निभाई सक्रिय भूमिका; सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
म्सूरी, 25 नवंबर
रिपोर्टर सुनील सोनकर
मसूरी। उत्तराखंड राज्य निर्माण के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी डॉ. हरिमोहन गोयल के निधन से मसूरी में शोक की लहर है। उनके योगदान और संघर्ष को याद करते हुए उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के तत्वाधान में शहीद स्थल पर सार्वजनिक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें शहर के विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और गैर-राजनीतिक संगठनों के लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया। इस अवसर पर मंच के अध्यक्ष देवी गोदियाल ने कहा कि डॉ. हरिमोहन गोयल उन आंदोलनकारियों में शामिल थे, जिन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष के दौरान भारी उत्पीड़न सहा। राज्य आंदोलन के दौरान उन्हें जेल जाना पड़ा और इसके बाद करीब 14 वर्षों तक सीबीआई के मुकदमे का सामना करना पड़ा। न्याय की लड़ाई लड़ने के लिए उन्हें अपने खर्च पर इलाहाबाद तक जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि उनका निधन राज्य आंदोलनकारी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। गोदियाल ने मांग की कि राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के निधन पर सरकार की ओर से राजकीय सम्मान दिया जाना चाहिए। भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि डॉ. गोयल भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े रहे। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई और इसके बाद उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संघर्ष के दौरान उन्होंने पुलिस उत्पीड़न सहा और लंबे समय तक सीबीआई के मुकदमे का सामना किया। उन्होंने कहा कि डॉ. गोयल केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील चिकित्सक और निर्भीक पत्रकार भी थे। चिकित्सक के रूप में वे गरीब और जरूरतमंद लोगों का निःशुल्क उपचार करते थे तथा जरूरत पड़ने पर उनकी आर्थिक मदद भी करते थे। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्होंने अपने लेखों के माध्यम से समाज और शासन-प्रशासन को जागरूक करने का प्रयास किया। उनका अपना साप्ताहिक समाचार पत्र भी था। उनके निधन से मसूरी ने एक सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व को खो दिया है। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. हरिमोहन गोयल का जीवन संघर्ष, सेवा और सामाजिक प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा। राज्य आंदोलन में उनके योगदान और जरूरतमंदों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को हमेशा याद रखा जाएगा।इस मौके पर पालिका सभासद विजय रमोला, विजय बिंदवाल, अनिल गोयल, गुडमोहन राणा, अनिल गोदियाल, धनेंद्र पुंडीर, ममता राव, देवेंद्र बर्त्वाल, श्याम सिंह चौहान, रमेश गोयल, दर्मियान सिंह कंडारी सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।