मसूरी में दीपावली पर आंदोलनरत 75 पटरी कारोबारियों को बांटा राशन, 213 दिन बाद धरना स्थगित

 

पार्षद सुमेंद्र वोहरा की पहल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद स्थल पहुंचकर बांटी मदद, नगर पालिका से वेंडर कार्ड और कारोबार के लिए व्यवस्थित स्थान मिलने की उम्मीद’’

 

मसूरी। दीपावली का त्योहार खुशियां बांटने और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ जाखन के पार्षद सुमेंद्र वोहरा की ओर से शहीद स्थल पर आंदोलन कर रहे रेहड़ी-पटरी कारोबारियों के बीच पहुंचकर 75 सदस्यों को राशन वितरित किया। इस दौरान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे कारोबारियों के लिए दीपावली की खुशियां साझा करने के साथ उनके संघर्ष में सहयोग का संदेश भी दिया गया। गौरतलब है कि मसूरी की मालरोड पर रेहड़ी-पटरी लगाकर कारोबार करने वाले लोगों को नगर पालिका प्रशासन ने हटाकर अन्य स्थानों पर जगह उपलब्ध कराई थी। हालांकि, कुछ पटरी कारोबारी इस व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं और मालरोड से हटाए जाने के विरोध में शहीद स्थल पर लगातार धरना दे रहे हैं। उनका आंदोलन 213 दिनों से जारी था। आंदोलनकारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य अपने परिवार की आजीविका चलाने के लिए सम्मानजनक और व्यवस्थित स्थान प्राप्त करना है। दीपावली के अवसर पर पार्षद सुमेंद्र वोहरा की ओर से राशन वितरण की पहल की गई। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना और उनके संघर्ष में सहयोग करना ही त्योहार की वास्तविक भावना है। टीम सुमेंद्र वोहरा का प्रयास है कि किसी भी जरूरतमंद को अकेला महसूस न हो और कठिन परिस्थितियों में उसे सहयोग मिल सके।

वेंडर कार्ड मिलने की उम्मीद पर 213 दिन का धरना स्थगित

राशन वितरण कार्यक्रम के दौरान रेहड़ी-पटरी कल्याण समिति के अध्यक्ष रामकिशन राही ने पिछले 213 दिनों से चल रहे धरने को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि नगर पालिका प्रशासन की ओर से धरने पर बैठे सभी 75 पटरी कारोबारियों के वेंडर कार्ड बनाए जाने की बात कही गई है। समिति को उम्मीद है कि दीपावली के बाद सभी कारोबारियों को वेंडर कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इसके साथ ही उन्हें व्यवस्थित तरीके से कारोबार करने के लिए स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। रामकिशन राही ने कहा कि प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन और दीपावली के त्योहार को देखते हुए आंदोलन को फिलहाल स्थगित किया जा रहा है। हालांकि, कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहार के बाद प्रशासन अपने आश्वासन को अमलीजामा पहनाएगा और उनके परिवारों की आजीविका से जुड़ी समस्या का समाधान होगा। इस मौके पर कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष जगपाल गुसाईं, इमरान, दक्ष पंवार, नवीन शाह, सूरज रावत, रंजीत शाह सहित रेहड़ी-पटरी व्यवसायी मौजूद रहे।