शेरगढ़/दुनका (बरेली)। बरेली जनपद की मीरगंज तहसील के थाना शाही क्षेत्र स्थित कस्बा दुनका एवं आसपास के कई गांवों में सोमवार को मोबाइल नेटवर्क सेवा घंटों तक बाधित रहने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह लगभग 5:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कई मोबाइल कंपनियों के नेटवर्क प्रभावित रहे, जिससे न तो कॉल लग पा रही थी और न ही इंटरनेट सेवा सुचारु रूप से चल रही थी।
बताया गया कि जियो, एयरटेल और बीएसएनएल सहित विभिन्न कंपनियों के उपभोक्ता नेटवर्क की समस्या से जूझते रहे। नेटवर्क ठप होने के कारण ऑनलाइन बैंकिंग, सीएससी केंद्रों का कार्य, डिजिटल भुगतान, फाइनेंस से जुड़े लेनदेन तथा अन्य ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित रहीं। वर्तमान समय में अधिकांश कार्य डिजिटल माध्यम से होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कस्बा दुनका के साथ-साथ आसपास के लगभग 6–7 गांवों में भी यही स्थिति बनी रही। लोगों का आरोप है कि इस प्रकार की समस्या आए दिन देखने को मिलती है, लेकिन संबंधित कंपनियों की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह गायब हो जाता है, जिससे संचार व्यवस्था प्रभावित होती है। लोगों ने संबंधित विभाग और दूरसंचार कंपनियों से मांग की है कि नेटवर्क बाधित होने के वास्तविक कारणों की जांच कर शीघ्र स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि भविष्य में आम जनता को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।






