उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर एनओपीआरयूएफ ने माल्यार्पण कर राज्य आंदोलनकारियों के त्याग और संघर्ष को किया

 

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड (एनओपीआरयूएफ) के तत्वावधान में आज देहरादून कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे मोर्चा के पदाधिकारियों एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके संघर्ष,त्याग और बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य का गठन यहां की जनता के लंबे संघर्ष,जनआंदोलन और असंख्य लोगों के त्याग का परिणाम है। राज्य निर्माण के पीछे पर्वतीय क्षेत्रों का विकास,स्थानीय युवाओं को रोजगार,बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं,पलायन पर रोक तथा आम जनता को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने जैसी महत्वपूर्ण अपेक्षाएं जुड़ी थीं। राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं,बल्कि उन सपनों और संकल्पों की समीक्षा करने का भी दिन है,जिनके लिए अलग राज्य की मांग उठाई गई थी। एनओपीआरयूएफ के प्रदेश प्रभारी विक्रम सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से अस्तित्व में आया है। राज्य की मूल अवधारणा को जीवित रखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों के विकास,युवाओं के भविष्य और कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। राज्य के निर्माण में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और प्रदेश के विकास में उनका योगदान निरंतर जारी है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां की सांस्कृतिक विरासत,वीरता,स्वाभिमान और संघर्षशील जनता से है। राज्य स्थापना दिवस हमें अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा किसी भी कल्याणकारी राज्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पुरानी पेंशन बहाली प्रदेश के कर्मचारियों और उनके परिवारों की भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा पिछले छह वर्षों से इस मांग को लेकर निरंतर संघर्ष कर रहा है और जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती,तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मोर्चा के प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने जिस विकसित और खुशहाल उत्तराखंड की कल्पना की थी,उसे साकार करने के लिए सभी वर्गों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। शिक्षक,अधिकारी एवं कर्मचारी प्रदेश की प्रशासनिक और विकासात्मक व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उनके हितों और सम्मान की रक्षा करना भी राज्य की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए। मिनिस्ट्रियल फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश बहुगुणा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड राज्य की स्थापना में कर्मचारी वर्ग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राज्य के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मिनिस्ट्रियल संवर्ग सहित समस्त कर्मचारी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों,सेवा संबंधी समस्याओं और सामाजिक सुरक्षा के विषयों पर सरकार को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। पुरानी पेंशन बहाली कर्मचारियों की प्रमुख मांग है,जिस पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है। उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन जनपद देहरादून के अध्यक्ष आशीष जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड राज्य की स्थापना के पीछे यहां के कर्मचारियों,शिक्षकों,युवाओं और आम जनता की बड़ी भूमिका रही है। राज्य आंदोलन के दौरान देखे गए सपनों को पूरा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक एवं कर्मचारी राज्य की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके अधिकारों,सम्मान,सेवा सुरक्षा और पुरानी पेंशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारी संगठनों से आपसी एकजुटता बनाए रखते हुए कर्मचारियों के हितों के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारी प्रतिनिधियों ने एक स्वर में उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास,रोजगार के अवसरों में वृद्धि,पलायन की रोकथाम,कर्मचारियों के हितों की रक्षा और पुरानी पेंशन बहाली के संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिनिधि केदार सिंह फर्स्वाण प्रदेश उपाध्यक्ष संजय भास्कर मंडलीय महामंत्री,उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संघ गढ़वाल मंडल हिमांशु रावत,संगठन मंत्री कीर्ति भट्ट,प्रदेश प्रचार प्रमुख सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी साथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड की ओर से प्रदेश के समस्त नागरिकों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा उत्तराखंड की सुख-समृद्धि,खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की गई।