देवलेश्वर महादेव मंदिर में 20 से 24 नवंबर तक बैकुंठ चतुर्दशी मेले में गूंजेगा शिवभक्ति और लोक-संस्कृति का महाकुंभ

 

 

 

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक,आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संजोए सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर (बलोड़ी),गगवाड़स्यूं में आगामी 20 से 24 नवंबर 2026 तक पांच दिवसीय 11 वें बैकुंठ चतुर्दशी मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक महोत्सव में जहां भगवान देवलेश्वर महादेव की विशेष पूजा-अर्चना,महाभिषेक,हवन-यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा क्षेत्र शिवमय होगा,वहीं गढ़वाली लोक संस्कृति,पारंपरिक प्रस्तुतियों,खेलकूद प्रतियोगिताओं और भव्य रात्रि जागरण की छटा भी देखने को मिलेगी। सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर समिति बलोड़ी,गगवाड़स्यूं की ओर से आयोजित इस मेले को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के साथ ही दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं,ध्याणियों,प्रवासियों एवं धर्मप्रेमी जनता के पहुंचने की उम्मीद है। मंदिर समिति के संयोजक जगत किशोर बड़थ्वाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 11 वें बैकुंठ चतुर्दशी मेले को पहले से अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं,बल्कि क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक परंपराओं,लोक संस्कृति,सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना भी है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। बड़थ्वाल ने बताया कि 20 नवंबर को प्रात-8 बजे ग्राम सभा बलोड़ी से शिवकृपा प्रधान मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। प्रातः 10 बजे ब्रह्मकुंड में स्नान एवं ज्ञान-कर्मकांड,11 बजे मुख्य यजमानों के ध्वज संचलन,11.30 बजे मुख्य अतिथि का स्वागत एवं सलामी तथा दोपहर 12 बजे ध्वज पूजन,अर्पण-आरोहण एवं महाआरती संपन्न होगी। दोपहर 12.30 बजे सुप्रसिद्ध लोक गायिका मीना राणा अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मेले की रौनक बढ़ाएंगी। 21 नवंबर को देवडोलियों का आगमन और विद्यालयी बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां 21 नवंबर को प्रातः 8 बजे मंदिर पूजन एवं महाभिषेक,9 बजे रोट-प्रसाद एवं महाआरती,10 बजे देवडोलियों का आगमन तथा 11 बजे खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। दोपहर 12 बजे विद्यालयी छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। संयोजक जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि मेले में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है। इससे बच्चों में अपनी लोक संस्कृति,परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ेगी। 22 नवंबर को प्रातः 8 बजे रोट,प्रसाद एवं आरती,9 बजे हवन प्रारंभ,10 बजे खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा 11 बजे देवडोलियों का आगमन होगा। दोपहर 12 बजे महाभारत की पौराणिक कथा पर आधारित कमलव्यूह (जयद्रथ वध) का मंचन किया जाएगा। यह प्रस्तुति मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। मेले का चौथा दिन धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखेगा। 23 नवंबर को प्रातः 8 बजे रोट,प्रसाद एवं आरती,9 बजे महा रुद्राभिषेक तथा 10 बजे खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पूर्वाह्न 11 बजे सुप्रसिद्ध लोकगायक अमित सागर अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसी दौरान पांच बच्चों का नामकरण संस्कार भी संपन्न कराया जाएगा। संयोजक जगत किशोर बड़थ्वाल ने विशेष जानकारी देते हुए बताया कि 23 नवंबर को निःसंतान दंपतियों के लिए विशेष खड़ा दिया एवं पुत्रेष्टि यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक परंपरा के अंतर्गत इच्छुक दंपतियों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की गई है,ताकि अनुष्ठान की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि दोपहर 3 बजे खड़ा दिया यज्ञ करने वाले दंपतियों का स्वागत किया जाएगा। सायं 5 बजे खड़ा दिया यज्ञ पूजन प्रारंभ होगा तथा 6 बजे रिया-बाती एवं महादेव दर्शन-आरती का कार्यक्रम आयोजित होगा। रात्रि 8 बजे भव्य भंडारा तथा 9 बजे लोकगायक जितेंद्र चौहान एवं उनकी सांगीतिक टोली द्वारा भव्य रात्रि जागरण प्रस्तुत किया जाएगा। मेले के अंतिम दिन 24 नवंबर को प्रात-6 बजे स्नान,8 बजे हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति का आयोजन होगा। पूर्वाह्न 11 बजे विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां,पुरस्कार वितरण,रावण लीला एवं आतिशबाजी के साथ पांच दिवसीय बैकुंठ चतुर्दशी मेले का विधिवत समापन होगा। संयोजक जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि मंदिर समिति की ओर से मेले की व्यवस्थाओं को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों,प्रवासियों,ध्याणियों,दानदाताओं एवं धर्मप्रेमी जनता से परिवार सहित मेले में पहुंचने तथा आयोजन को सफल बनाने में यथासंभव सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने पूर्व में आर्थिक एवं अन्य प्रकार से सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए इस वर्ष भी धर्मदान एवं सहयोग देने का अनुरोध किया। समिति की ओर से उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के खाता संख्या-76033481103 पर धर्मदान की व्यवस्था की गई है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला गगवाड़स्यूं क्षेत्र की धार्मिक पहचान,पौराणिक परंपराओं,लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण प्रतीक बनता जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से एक ओर श्रद्धालुओं को भगवान देवलेश्वर महादेव की आराधना का अवसर मिलेगा,वहीं दूसरी ओर स्थानीय कलाकारों,विद्यार्थियों और खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी प्राप्त होगा। ऐसे आयोजन पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संयोजक जगत किशोर बड़थ्वाल ने समस्त क्षेत्रवासियों,श्रद्धालुओं,ध्याणियों,प्रवासियों एवं धर्मप्रेमी जनता से 20 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले 11वें बैकुंठ चतुर्दशी मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन की शोभा बढ़ाने और भगवान देवलेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। निवेदक एवं आयोजक मंडल-राजेन्द्र सिंह राणा,केशर सिंह कठैत,जगत किशोर बड़थ्वाल,नागेन्द्र जुगराण एवं सुधीर बड़थ्वाल। सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर समिति (बलोड़ी) गगवाड़स्यूं पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड।