देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक अध्ययन सामग्री पहुंचाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। विद्यालयी शिक्षा को अधिक सशक्त,समावेशी और छात्र-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से संचालित गेम चेंजर योजना निःशुल्क नोटबुक वितरण योजना का शुभारंभ बुधवार को पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड देहरादून में शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक वितरित कर योजना का विधिवत शुभारंभ किया तथा इसे शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की दूरदर्शी पहल बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है,बल्कि विद्यार्थियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना भी सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक कारणों से किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो,इसी उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा यह महत्वाकांक्षी योजना प्रारंभ की गई है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत राजकीय एवं राजकीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराई जाएंगी। जनपद देहरादून में लगभग 4.70 लाख नोटबुक वितरित की जाएंगी,जबकि प्रदेशभर में लगभग 35 लाख नोटबुक विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएंगी। योजना के अनुसार कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों को एक-एक,कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों को तीन-तीन तथा कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को पांच-पांच नोटबुक निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। डॉ.रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक,नवाचार और छात्र हितों के अनुरूप विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन,पीएम-श्री विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण,स्मार्ट कक्षाओं,डिजिटल शिक्षा तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ विद्यार्थियों को आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों,शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तभी संभव है,जब सरकार,शिक्षक,अभिभावक और विद्यार्थी सभी मिलकर शिक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने,अनुशासन बनाए रखने और सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाथीबड़कला की छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं ने भी सरकार की इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनकी पढ़ाई में सुविधा मिलेगी और परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा। कार्यक्रम में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी,माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद कुमार सिमल्टी,मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल,जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक प्रेमलाल भारती,खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर प्रेमलता बौड़ाई सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी,विद्यालयों के शिक्षक,छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि गेम चेंजर योजना प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए शिक्षा को और अधिक सुगम,प्रभावी एवं प्रेरणादायी बनाने में मील का पत्थर साबित होगी तथा उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगी।







