किच्छा में फ्लाईओवर की जगह चार अंडरपास बनाने का सुझाव, डीएम को सौंपा ज्ञापन


किच्छा। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रवक्ता एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने बुधवार को उप जिलाधिकारी गौरव पांडे के माध्यम से जिलाधिकारी उधम सिंह नगर को ज्ञापन सौंपकर किच्छा क्षेत्र में फ्लाईओवर के स्थान पर चार अंडरपास बनाए जाने का सुझाव दिया।
ज्ञापन में प्रस्ताव रखा गया कि पहला अंडरपास देवरिया से किच्छा शहर, दूसरा किच्छा शहर से दरऊ चौराहा, तीसरा सिरौली से पंतपुरा चौराहा तथा चौथा एनएच-74 पर पुलभट्टा से बरेली की ओर जाने वाले टी-पॉइंट पर बनाया जाए।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि इन चारों अंडरपास के निर्माण पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जबकि लगभग तीन किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उनका कहना था कि अंडरपास बनने से सरकारी धन की बचत होगी और फ्लाईओवर के कारण व्यापार प्रभावित होने की आशंका भी समाप्त हो जाएगी। साथ ही आम जनता को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उप जिलाधिकारी गौरव पांडे ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रस्ताव को शीघ्र ही जिलाधिकारी के माध्यम से संबंधित विभाग एवं एनएच-74 प्राधिकरण को भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं पूर्व नगर अध्यक्ष अरुण तनेजा, हाजी रशीद अहमद (जक्कू भाई), उत्तराखंड किसान कांग्रेस के महामंत्री हाजी महिपाल सिंह बोरा, मुनीम पांडे, जलाल दानिश, सूरजपाल, राजू कश्यप, प्रवेश गंगवार, विनोद जोशी, जमील अहमद, मजीद, शहनाज, खालिद इकबाल अहमद, विनोद तिवारी, इकबाल अहमद, बाबू भाई सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।