श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल श्रीनगर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल में अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। इन कार्यों का उद्देश्य गढ़वाल क्षेत्र के मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उनके तीमारदारों की परेशानियों को कम करना है। शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल को क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था का मजबूत केंद्र बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 170 से अधिक विकास कार्य कराए। डॉ.रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में केवल उपचार की सुविधाओं का विस्तार ही नहीं किया गया,बल्कि अस्पताल के आधारभूत ढांचे को भी मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा,अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार तथा आवश्यक संसाधनों के विस्तार को विकास कार्यों में प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं के लगातार विस्तार का सीधा लाभ उन मरीजों को मिल रहा है, जिन्हें पहले बेहतर उपचार के लिए देहरादून,ऋषिकेश या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। श्रीनगर में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से गढ़वाल के दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मदद मिली है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज बेहतर उपचार के साथ सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण का हकदार है। इसी दृष्टिकोण के तहत अस्पताल परिसर में मरीजों और तीमारदारों के लिए आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं के साथ अस्पताल परिसर की व्यवस्थाएं भी बेहतर हों,इस पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। अस्पताल में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। बेस अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के सामने लंबे समय से पार्किंग की समस्या भी एक बड़ी चुनौती रही है। डॉ.धन सिंह रावत ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए अस्पताल परिसर में एक पार्किंग का कार्य शुरू हो चुका है,जबकि एक अन्य स्थान पर भी पार्किंग विकसित की जाएगी। पार्किंग सुविधाओं के विकसित होने से अस्पताल आने वाले लोगों को अपने वाहनों को खड़ा करने में राहत मिलेगी। साथ ही अस्पताल परिसर में वाहनों के कारण होने वाली भीड़ और अव्यवस्था को भी कम किया जा सकेगा। डॉ.रावत ने कहा कि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल को लगातार आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। प्रयास है कि गढ़वाल के विभिन्न जनपदों से आने वाले मरीजों को अधिक से अधिक उपचार सुविधाएं श्रीनगर में ही उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि श्रीनगर केवल स्थानीय लोगों के लिए ही नहीं,बल्कि पूरे गढ़वाल मंडल के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। चारधाम यात्रा के दौरान यहां पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों को भी आपात स्थिति में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल की क्षमता और संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल में 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों और स्वास्थ्य मंत्री रहते 170 से अधिक कार्यों का उल्लेख करते हुए डॉ.रावत ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का अंतिम उद्देश्य मरीजों को बेहतर,सुलभ और आधुनिक उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं के विस्तार की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी,ताकि आने वाले समय में श्रीनगर मेडिकल कॉलेज गढ़वाल क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का और मजबूत केंद्र बन सके।







