एसएसपी अजय गणपति (IPS) ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों एवं नशा मुक्ति का दिया संदेश
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में कक्षा छठीं से बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने, साइबर अपराधों से बचाव तथा जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उधम सिंह नगर, श्री अजय गणपति (IPS) थे। विद्यालय के चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर एवं वाइस चेयरमैन श्री हरमन सिंह ग्रोवर ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में एसएसपी श्री अजय गणपति (IPS) ने कहा कि आज इंटरनेट और सोशल मीडिया हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं, इसलिए उनका सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने विद्यार्थियों को OTP फ्रॉड, फर्जी लिंक, फिशिंग, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन गेमिंग ट्रैप, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक न करने, OTP, पासवर्ड, बैंकिंग विवरण एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
उन्होंने कहा, “क्लिक करने से पहले अवश्य सोचें, क्योंकि आपकी व्यक्तिगत जानकारी ही आपकी सबसे बड़ी संपत्ति है। डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।”
इसके अतिरिक्त उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा नशा मुक्ति अभियान से जुड़कर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल-कूद, योग एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए IAS, IPS एवं अन्य प्रतिष्ठित सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।
कार्यक्रम के उपरांत एसएसपी श्री अजय गणपति (IPS) ने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के ट्रेज़र गार्डन (Treasure Garden), एरोबिक्स एवं स्पोर्ट्स सुविधाओं तथा शूटिंग रेंज का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध अत्याधुनिक शैक्षणिक एवं खेल सुविधाओं, अनुशासित एवं सुरक्षित वातावरण तथा नवाचार आधारित शिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर आधुनिक शिक्षा, उत्कृष्ट खेल संस्कृति, अनुशासन एवं संस्कारों का प्रभावशाली संगम है।
विद्यालय के चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अनिवार्य है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों, अनुशासन, तकनीकी दक्षता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रभक्ति से युक्त जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
इस अवसर पर वाइस चेयरमैन श्री हरमन सिंह ग्रोवर ने कहा कि आधुनिक तकनीक का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया एवं इंटरनेट का सदुपयोग, साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन तथा डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों के लिए उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं डिजिटल नैतिकता का विकास करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति (IPS) एवं उधम सिंह नगर पुलिस प्रशासन का विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं जिम्मेदार नागरिकता का महत्वपूर्ण संदेश देने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।