श्रीनगर गढ़वाल। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं देश की सशक्त राजनीतिक नेतृत्वकर्ता स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर 31 अक्टूबर 2026 को नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आयरन लेडी के नाम से विख्यात इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व,कृतित्व,अदम्य साहस,दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन समर्पित किए। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा देश की एकता,अखंडता,सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी भारतीय राजनीति के इतिहास की ऐसी सशक्त व्यक्तित्व थीं,जिन्होंने अपने दृढ़ नेतृत्व और साहसिक निर्णयों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की विशिष्ट पहचान स्थापित की। उनका राजनीतिक जीवन संघर्ष,संकल्प और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक रहा है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देश का नेतृत्व करते हुए अपनी मजबूत इच्छाशक्ति और निर्णय क्षमता का परिचय दिया। कांग्रेसजनों ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन और उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने,चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देते रहेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश सचिव वीरेंद्र सिंह नेगी,शहर कांग्रेस अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल,शिवलाल,भगत सिंह डागर,वीरेंद्र सिंह बिष्ट,दलबीर सिंह,भरोसा सिंह,देवी प्रसाद गोदियाल एवं विजय सिंह रावत सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने इंदिरा गांधी को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।