श्रीनगर से भाजपा की लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ पदयात्रा का भव्य शंखनाद,सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

 

 

 

श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को श्रीनगर से लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ पदयात्रा का भव्य शुभारंभ किया। बस अड्डे से रामलीला मैदान तक करीब ढाई किलोमीटर निकली पदयात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत,गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी,विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत,सतपाल महाराज और भरत सिंह चौधरी,जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों,पार्टी पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं और आमजन ने प्रतिभाग किया। पदयात्रा के दौरान सड़कों के दोनों ओर लोगों का हुजूम उमड़ा रहा। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा और उत्साहपूर्ण नारों के साथ नेताओं का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और जनभागीदारी के बीच निकली पदयात्रा से श्रीनगर का माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया। पदयात्रा के माध्यम से भाजपा ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा,संवैधानिक मूल्यों,सुशासन और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने की शुभकामनाओं के साथ त्रिशूल भेंट किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधियों,पार्टी पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं और आमजन का आभार व्यक्त किया। रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्रीनगर में उमड़ी विशाल जनभागीदारी विपक्ष की अराजकता और भ्रम फैलाने वाली राजनीति के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा शांति,सुशासन और विकास की यात्रा है,जो देश में फैलाए जा रहे भ्रम और झूठ के खिलाफ उत्तराखंड की धरती से शुरू हुई है। इसका संदेश प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत हाल ही में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनावी पराजय के बाद पार्टी की राजनीतिक हताशा उसके बयानों और गतिविधियों में दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास न स्पष्ट विजन है और न ही विकास का कोई ठोस दृष्टिकोण। चुनाव में जीत मिलने पर उसे संवैधानिक संस्थाएं और चुनावी व्यवस्थाएं सही लगती हैं,जबकि हारने पर वही व्यवस्थाएं गलत दिखाई देने लगती हैं। उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर विपक्ष पर देशभर में भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने 25 जून 1975 को देश में लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस का रवैया देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान,नागरिक अधिकारों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में निहित है। राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के संबंध में की गई टिप्पणी पर भी उन्होंने आपत्ति जताई और कहा कि देश की सुरक्षा एवं प्रतिष्ठा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने वाली विभूतियों के प्रति सम्मान बनाए रखना आवश्यक है। अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर मामले का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी भी संवेदनशील प्रकरण में पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशीलता और न्याय की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति,पहचान और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रभावित करने वाले प्रयासों के विरुद्ध सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने इसे विकास और विनाश तथा सुशासन और अराजकता के बीच की लड़ाई बताया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कहा कि पदयात्रा की सफलता विरोधियों के लिए स्पष्ट संदेश है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में किए जा रहे कार्यों को जनता ने सराहा है और भाजपा की नीतियों एवं विकास कार्यों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि श्रीनगर में उमड़ा जनसमूह प्रदेश की जनता के कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति का जवाब देने के संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में जनता अपने मताधिकार के माध्यम से इसका जवाब देगी। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक ताकत जनता में निहित है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से संवैधानिक संस्थाओं का गौरव बढ़ता है। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को मतदाता सूची शुद्ध एवं अद्यतन करने का माध्यम बताते हुए कहा कि इसके तहत पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने और त्रुटियों को दूर करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने विपक्ष द्वारा इस प्रक्रिया को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर भी चिंता व्यक्त की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि श्रीनगर में उमड़ा जनसैलाब कांग्रेस की झूठ और भ्रम फैलाने वाली राजनीति का जवाब देने के लिए एकत्र हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश और उत्तराखंड की महान विभूतियों को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ जुटने का आह्वान किया। पदयात्रा में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत,विधायक एमकेश्वर रेनू बिष्ट,विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी,केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल,जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत,श्रीनगर की महापौर आरती भण्डारी एवं राजगौरव नौटियाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि,दायित्वधारी,पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।