मसूरी एमपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की रणभेरी, आज शाम से आचार संहिता लागू24 सितंबर से नामांकन, 25 को जांच व नाम वापसी; 29 सितंबर को मतदान के बाद होगी मतगणना पहाड़ों की रानी मसूरी के एकमात्र म्युनिसिपल पोस्ट ग्रेजुएट (एमपीजी) कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की रणभेरी बज गई है। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही मंगलवार शाम 4रू30 बजे से कॉलेज में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके साथ ही छात्र नेताओं की चुनावी सक्रियता बढ़ने और कॉलेज परिसर में सियासी सरगर्मियां तेज होने की उम्मीद है। कॉलेज प्रशासन ने लिंगदोह समिति की संस्तुतियों और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है। प्राचार्य डॉ. सुनील पंवार ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। कॉलेज के प्रशासक एवं एसडीएम राहुल आनंद के नेतृत्व में चुनाव प्रक्रिया संचालित होगी।24 सितंबर से नामांकन, 29 को मतदानकॉलेज के प्रचार्य डा. सुनील पंवार ने बताया कि घोषित कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को शाम 4रू30 बजे चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होगी। 24 सितंबर को दोपहर दो से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। प्रत्याशियों को नामांकन के साथ नोटरी से सत्यापित शपथपत्र भी जमा करना होगा। 25 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसी दिन दोपहर तीन से चार बजे तक प्राचार्य कक्ष में नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। शाम 4ः30 बजे तक प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। इसके बाद 29 सितंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर 1ः30 बजे तक मतदान होगा। मतदान महाविद्यालय के बुरांश सभागार में कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन भोजन के उपरांत मतगणना शुरू होगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। परिणाम के तत्काल बाद नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी को शपथ दिलाई जाएगी।इन पदों पर होगा चुनावछात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय छात्रसंघ प्रतिनिधि के पद पर चुनाव होगा। सहसचिव और कोषाध्यक्ष पद छात्राओं के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा छह कार्यकारिणी सदस्यों का भी चुनाव किया जाएगा, जिसमें एक पद छात्रा के लिए आरक्षित है।पहचान पत्र से ही मिलेगा मतदान का अधिकारकॉलेज प्रशासन के अनुसार मतदान में केवल वैध कॉलेज पहचान पत्र रखने वाले पात्र विद्यार्थियों को ही मतदान का अधिकार मिलेगा। चुनाव के दौरान बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मसूरी पुलिस से भी पत्राचार किया गया है, ताकि मतदान और मतगणना के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। प्राचार्य डॉ. सुनील पंवार ने कहा कि चुनाव विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों, लिंगदोह समिति की संस्तुतियों और निर्धारित नियमों के तहत कराया जाएगा। आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के साथ कॉलेज प्रशासन शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।