पर्यटकों से गुलजार मसूरी, जाम में थमी शहर की रफ्तारलंबी छुट्टियों में उमड़ी सैलानियों की भीड़

पर्यटकों से गुलजार मसूरी, जाम में थमी शहर की रफ्तारलंबी छुट्टियों में उमड़ी सैलानियों की भीड़;पानी वाले बैंड से मुख्य चौकों तक वाहनों की कतार,लगातार मिल रही छुट्टियों और वीकेंड के चलते पहाड़ों की रानी मसूरी पर्यटकों से गुलजार है। होटल, बाजार और पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की चहल-पहल से पर्यटन कारोबार में रौनक है, लेकिन पर्यटक वाहनों की भारी आमद ने शहर की यातायात व्यवस्था की परीक्षा ले ली। मसूरी-देहरादून मार्ग के पानी वाले बैंड पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। शहर के मुख्य चौकों पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।जाम के कारण पर्यटकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई, वहीं स्थानीय लोगों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हुए। यातायात सुचारु कराने के लिए पुलिसकर्मी प्रमुख मार्गों और चौकों पर व्यवस्था संभालते नजर आए, लेकिन वाहनों का लगातार बढ़ता दबाव चुनौती बना रहा। पानी वाले बैंड पर वाहनों की धीमी रफ्तार का असर शहर के भीतर तक दिखाई दिया।पर्यटन की रौनक के साथ यातायात का दबावछुट्टियों में र्प्यटकों की आमद से मसूरी के पर्यटन कारोबार को गति मिलती है, लेकिन बढ़ते वाहन दबाव के बीच सड़क और पार्किंग व्यवस्था की सीमाएं भी सामने आ जाती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटकों की संख्या के अनुरूप पार्किंग सुविधाओं का विकास नहीं हो पाया है। पर्याप्त पार्किंग न होने से वाहन सड़कों के किनारे खड़े होते हैं और यातायात का दबाव बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने पर्यटन सीजन और वीकेंड को देखते हुए यातायात प्रबंधन की ठोस योजना बनाने तथा बड़ी पार्किंग सुविधाओं के विकास की मांग की है। उनका कहना है कि व्यवस्थित पार्किंग और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन से पर्यटकों को सुगम सफर मिल सकेगा और स्थानीय लोगों को बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।