श्रीनगर गढ़वाल। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और बढ़ती नशे की प्रवृत्ति से नई पीढ़ी को दूर रखने के लिए खेलों को प्रभावी माध्यम बनाने की दिशा में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ी पहल होने जा रही है। युवाओं को खेल के मैदान से जोड़कर उनमें अनुशासन,टीम भावना,प्रतिस्पर्धा और स्वस्थ जीवनशैली की भावना विकसित करने के उद्देश्य से नवंबर माह में 10 दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाना समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है। युवाओं के भीतर अपार ऊर्जा और प्रतिभा है,जरूरत केवल उसे सही दिशा देने की है। खेल इस दिशा में सबसे प्रभावी माध्यम साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़कर न केवल उनकी शारीरिक क्षमता विकसित की जा सकती है,बल्कि उन्हें नशे और अन्य सामाजिक कुरीतियों से भी दूर रखा जा सकता है। कल देर सायं आदिति पैलेस में युवा मोर्चा की ओर से आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए डॉ.धन सिंह रावत ने आगामी खेलकूद प्रतियोगिता की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ से क्रिकेट टीम गठित की जाएगी। जिन बूथों पर पर्याप्त संख्या में खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होंगे,वहां दो बूथों को मिलाकर संयुक्त टीम बनाई जाएगी। प्रतियोगिता की शुरुआत मंडल स्तर से होगी। मंडल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें आगे की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी और चयनित टीमें आपस में मुकाबला करेंगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों और बूथ स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। डॉ.रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में 16 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रत्येक क्रिकेट टीम में 15 खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में उत्साह पैदा करने के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक लाख रुपये,द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा अन्य प्रतिभागी टीमों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम के खिलाड़ियों को ट्रैक सूट प्रदान किया जाएगा,जबकि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को टी-शर्ट दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि खेलों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित रखने के बजाय विद्यालय स्तर से ही बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि विकसित करना आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों की रुचि और आवश्यकता के अनुसार क्रिकेट,वॉलीबॉल और फुटबॉल की खेल किट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता,अनुशासन,सहयोग और संघर्ष करने की भावना पैदा करते हैं। यही कारण है कि खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में व्यापक अभियान चलाया जाना जरूरी है। डॉ.रावत ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए गठित पांच सदस्यीय समिति को आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से 25 अक्टूबर तक पंजीकरण कराने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिक से अधिक युवा इस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करें। कार्यक्रम के दौरान तनुश्री एवं सुमित बिष्ट को सम्मानित भी किया गया। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गणेश राठी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र में खेलकूद प्रतियोगिताओं को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक बूथ से टीम तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है,ताकि गांव और क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें खेलों की ओर आकर्षित करने के लिए डॉ.धन सिंह रावत द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने इस पहल के लिए कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शुभम प्रभाकर ने किया,जबकि समापन युवा मोर्चा जिला प्रभारी गणेश भट्ट ने किया। श्रीनगर मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष यशीश रावत ने मंडल क्षेत्र के युवाओं से खेलों के प्रति अपनी रुचि बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि श्रीनगर नगर मंडल की टीम प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल करने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी,मंडल अध्यक्ष ललिता नेगी,ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जगमोहन नेगी सहित युवा मोर्चा एवं भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी,कार्यकर्ता और युवा उपस्थित रहे। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित यह खेलकूद प्रतियोगिता महज प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है,बल्कि इसे युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जनजागरूकता का माध्यम भी माना जा रहा है। बूथ स्तर से युवाओं को जोड़ने की पहल से जहां स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच मिलने की उम्मीद है,वहीं गांव-गांव तक खेल का वातावरण तैयार होने से युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा।