कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की खेल प्रतिभाएं एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर अपनी चमक बिखेरने को तैयार हैं। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज डांगचौरा के दो होनहार छात्र-छात्राओं का आयु वर्ग-14 राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि से विद्यालय ही नहीं,बल्कि पूरे कीर्तिनगर क्षेत्र में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में कक्षा आठ की छात्रा कु.अंजली पडियार बालिका वर्ग तथा कक्षा नौ के छात्र तेज प्रकाश पोखरियाल बालक वर्ग शामिल हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत,लगन और खेल के प्रति समर्पण से यह मुकाम हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय में खेल प्रतिभाओं को तराशने में व्यायाम शिक्षक रंजन नेगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय के विद्यार्थी लगातार खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी इसी विद्यालय की छात्राएं आराध्या पोखरियाल और प्रियांशी पडियार ने आयु वर्ग-14 बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया था। खास बात यह है कि आराध्या,तेज प्रकाश की बड़ी बहन हैं,जबकि प्रियांशी,अंजली की बड़ी बहन हैं। इस प्रकार दोनों परिवारों की खेल प्रतिभाओं ने लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। विद्यालय के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है,क्योंकि इससे पहले यहां की कई छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं,लेकिन पहली बार विद्यालय के किसी छात्र का बालक वर्ग में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि विद्यालय की खेल परंपरा में एक नया अध्याय जोड़ने के साथ ही अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। गुरुवार को दोनों चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए शिरडी महाराष्ट्र रवाना हुए। उनके प्रस्थान से पूर्व विद्यालय में विदाई एवं शुभकामना कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य चंडी प्रसाद देवली,वरिष्ठ शिक्षक शिव सिंह नेगी,व्यायाम शिक्षक रंजन नेगी,विनोद चौहान,राहुल भट्ट एवं लखपत कंडारी ने दोनों खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और विद्यालय व उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ.बृजमोहन कीर्तवान,दिनेश प्रसाद फौंदणी,डॉ.राम सिंह बिष्ट,रामेंद्र पुंडीर,डॉ.गौतम शर्मा,बीना रावत,सुमन घनशाला,सुमित्रा रावत,शिशुपाल सिंह चौधरी,विनोद ममगांई,शैलेंद्र प्रसाद थपलियाल,नवीन कुमार,पूजा उनियाल,सोनम भट्ट,रेनू कठैत,डॉ.प्रदीप जुगरान,मनोज रावत,जगदीश रावत,सुमित सेमवाल,प्रदीप चंद्र बलूनी,कु.काजल,हरदेव,वीरेंद्र दत्त फोंदणी,सूरत लाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई। डांगचौरा की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि पहाड़ की प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने का दम रखती हैं।