मसूरी। दीपावली पर पटाखों की बिक्री और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने स्पष्ट किया कि शहर में बिना लाइसेंस पटाखों की दुकान लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पटाखों की दुकानें केवल प्रशासन और पुलिस की ओर से निर्धारित स्थानों पर ही लगाई जाएंगी। सार्वजनिक स्थानों और अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखों की दुकानें लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। दीपावली की तैयारियों को लेकर एसडीएम राहुल आनंद ने मसूरी पुलिस, नगर पालिका ,फायर सर्विस और मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पटाखों की बिक्री से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की कि वे निर्धारित नियमों के अनुसार ही दुकानें लगाएं और बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री न करें।
एसडीएम राहुल आनंद ने फायर सर्विस को निर्देशित किया कि पटाखों की दुकानों के लिए लाइसेंस जारी करते समय अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। जिन दुकानदारों की दुकानें निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं होंगी, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने संबंधित विभागों को शहर में अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी के हाइड्रेंट और आग बुझाने के जरूरी संसाधनों की जांच पहले ही कर ली जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। दीपावली के दौरान पटाखों से आग लगने की आशंका को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे करने पर जोर दिया गया। बैठक में फायर सर्विस प्रभारी धीरज तड़ियाल,एसएसआई सत्येंद्र भाटी, अधिषासी अधिकारी गौरव भसीन और मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल मौजूद रहे।