श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश में बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने रविवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस चिकित्सालय श्रीनगर में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। विशाल जनस्वास्थ्य अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से देश की बेटियों को सुरक्षित रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हाई-टेक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बेस चिकित्सालय को समर्पित किया। इस सौगात से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शुरू हुए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण के नि:शुल्क मेगा अभियान के अंतर्गत प्रदेश की 1 लाख 22 हजार बालिकाओं को 90 दिनों के भीतर टीका लगाया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में 155 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। लगभग साढ़े चार हजार रुपये मूल्य का यह टीका अब सरकार द्वारा पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है,जो बेटियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि बेस चिकित्सालय में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीजों की आवाजाही को देखते हुए तीन करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शीघ्र शासनादेश जारी कर भूमि पूजन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। डॉ.रावत ने बताया कि जिले में अब तक विधायक निधि से सात एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। साथ ही डैम कॉलोनी में उपलब्ध 400 नाली भूमि पर डॉक्टरों,छात्रों एवं स्टाफ के लिए आवास निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज को लगभग 30 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है,जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सके। इस कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ.विनीता रावत,सीएमओ पौड़ी शिव मोहन शुक्ला,सीएमएस डॉ.विमल गुसाई,प्रभारी एमएस डॉ.दीपा हटवाल,भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रमिला भण्डारी,बासुदेव कंडारी,जगमोहन नेगी सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी,पार्षद,एएनएम,जनप्रतिनिधि,आशा कार्यकर्त्रियां और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने इस पहल को जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया।







