- 1.74 करोड़ की लागत से जल्द शुरू होगा निर्माण
- बरसात से पहले काम पूरा करने का होगा प्रयासः विकास शर्मा
रूद्रपुर। वार्ड नंबर एक की वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए महापौर विकास शर्मा ने मंगलवार को वार्ड नंबर एक स्थित ‘तीन पानी डैम’ के पुनर्निर्माण हेतु सिंचाई विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण और विस्तृत सर्वे किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये।
गौरतलब है कि तीन पानी डैम बीते कई वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में था। इसकी जल निकासी क्षमता पूरी लगभग समाप्त हो चुकी थी, जिसका खामियाजा क्षेत्र की एक विशाल आबादी को भुगतना पड़ता था। मानसून के दौरान ड्रेनेज सिस्टम ठप होने से फुलसुंगा, फुलसुंगी और आसपास की दर्जनों कॉलोनियां जलमग्न हो जाती थीं। सड़कें तालाब का रूप ले लेती थीं और लोगों का घरों से निकलना दूभर हो जाता था। इस समस्या को महापौर विकास शर्मा ने बेहद गंभीरता से लिया और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पैरवी की। मुख्यमंत्री के विशेष हस्तक्षेप के बाद शासन ने डैम के कायाकल्प के लिए 1 करोड़ 74 लाख 81 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की, जो अब सिंचाई विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है।
सर्वे के दौरान महापौर ने सिंचाई विभाग के इंजीनियरों के साथ डैम के तकनीकी पहलुओं, मजबूती और भविष्य की जरूरतों पर गहन मंथन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य न केवल गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, बल्कि इसे जनभावनाओं के अनुरूप बनाया जाए ताकि आगामी कई दशकों तक क्षेत्रवासियों को ड्रेनेज की समस्या न देखनी पड़े। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि टेंडरिंग और शुरुआती प्रक्रियाओं को तत्काल पूरा कर इसी सप्ताह से पुल का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाए।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रुद्रपुर के विकास को लेकर अत्यंत संवेदनशील हैं। उन्हीं के आशीर्वाद से शहर की जटिल समस्याओं के लिए करोड़ों का बजट मिल रहा है। उन्होंने कहा कि तीन पानी डैम का पुनर्निर्माण मेरा जनता से किया गया एक प्रमुख वायदा था, जो अब साकार होने जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि इस परियोजना के तहत केवल डैम और पुल का निर्माण ही नहीं होगा, बल्कि संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। इससे क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म होगी और आवागमन सुगम होगा। साथ ही, डैम से जुड़ी पुरानी सिंचाई नहरों को पुनर्जीवित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है ताकि किसानों को भी इसका लाभ मिल सके।
महापौर ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि रुद्रपुर को एक आधुनिक और आदर्श शहर बनाना उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मानसून की पहली दस्तक से पहले मुख्य ढांचागत कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा ताकि इस बार जनता को जलभराव के नारकीय कष्ट से मुक्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कई अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स भी शुरू होने वाले हैं, जिससे रुद्रपुर का कायाकल्प निश्चित है।
सर्वे और निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ सिंचाई विभाग के एसडीओ बी.एस. डांगी, जेई हरपाल, पंचदेवी, पार्षद पवन राणा, शुभम ठाकुर, दलीप अधिकारी, अनुज पाठक, ब्रजेश गुप्ता, अनुराग बोस सहित नगर निगम और सिंचाई विभाग के कई कर्मचारी व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






