खिर्सू में चला कृमि मुक्ति अभियान-विद्यालयों में बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की गोली

 

 

 

श्रीनगर गढ़वाल। बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने,उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने और स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत करने के उद्देश्य से खिर्सू विकासखंड में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत श्रीनगर सहित विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक गोली खिलाई गई। साथ ही बच्चों को पेट के कीड़ों से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं,दवा की उपयोगिता और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के तहत राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय सौडू-क्वीसू में शिक्षिका सुबोध चमोली,संस्कृति विद्यालय श्रीनगर में आचार्य गिरीश डिमरी,राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गहड़ में शिक्षक जसपाल गुसाई तथा गढ़वाल विश्वविद्यालय में फार्मासिस्ट रवीन्द्र कुमार के सहयोग से बच्चों एवं विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल की गोली वितरित कर खिलाई गई। इसके अतिरिक्त आईटीआई श्रीनगर केंद्रीय विद्यालय सहित विकासखंड के अन्य विद्यालयों में भी कृमि मुक्ति अभियान संचालित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को जागरूक करते हुए बताया कि एल्बेंडाजोल एक प्रभावी कृमिनाशक दवा है,जो पेट में मौजूद विभिन्न प्रकार के परजीवी कीड़ों को नष्ट करने में मदद करती है।‌पेट में कीड़ों का संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इससे खून की कमी,कुपोषण,पेट दर्द,भूख में कमी,कमजोरी तथा शारीरिक विकास में बाधा जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। समय पर निर्धारित खुराक लेने से कृमि संक्रमण की रोकथाम में मदद मिलती है और बच्चों के बेहतर पोषण एवं शारीरिक विकास को बढ़ावा मिलता है। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों को यह भी समझाया कि केवल दवा लेना ही पर्याप्त नहीं है,बल्कि संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना भी जरूरी है। इसके लिए नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने,साफ पानी पीने,भोजन को ढककर रखने,नाखून साफ रखने तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने की आदत अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। अभियान में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के काउंसलर मनमोहन,सपना एवं संगीता सहित स्कूल हेल्थ प्रोग्राम की टीम,स्वास्थ्य कर्मियों और विद्यालयों के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ ही उन्हें स्वस्थ,सुपोषित और शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विद्यालयों के माध्यम से बच्चों तक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाकर उनके बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं।