हरिद्वार में कांवड़ यात्रा की तैयारियों के बीच नया उदासीन अखाड़ा के महामंडलेश्वर करौली शंकर महादेव ने श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा को लेकर अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान भोजन व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालु अपनी धार्मिक मान्यताओं और विश्वास के अनुरूप भोजन का चयन कर सकें। उन्होंने भोजनालयों पर पहचान संबंधी बोर्ड लगाए जाने की व्यवस्था को सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि इससे भ्रम की स्थिति समाप्त होगी और श्रद्धालुओं का विश्वास भी बना रहेगा। महामंडलेश्वर ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से भी भोजन करने से पहले पूरी जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान माहौल बिगाड़ने, नशाखोरी करने और अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ बिना किसी नरमी के कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पूरी यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हो सके।








