अयोध्या के राम मंदिर और बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी की घटनाओं के विरोध में विकासनगर में कांग्रेस ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। बाबूगढ़ स्थित राम मंदिर परिसर में शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवप्रभात के नेतृत्व में उपवास कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में उपवास रखकर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और चढ़ावे की कथित चोरी की घटनाओं की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
V/O:
उपवास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि देश में आस्था का जिस तरह राजनीतिकरण किया गया है, आज की घटनाएं उसी का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है और वहां श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। नवप्रभात ने सरकार से अयोध्या के राम मंदिर और बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी की घटनाओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था पर किसी प्रकार की आंच न आए।








