– नवरात्र पर नगर निगम की छापेमारी से दुकानदारों में मचा हड़कंप
– महापौर के निर्देश पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
रुद्रपुर। नवरात्र पर्व के दौरान नगर निगम की ओर से मांस की बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बुधवार को निगम की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान त्रिशूल चौक के पास स्थित दो दुकानों पर कच्चा और पका हुआ मांस बरामद होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5-5 हजार के चालान काटे गए। नगर निगम की इस कार्रवाई से मांस विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा।
नवरात्र पर्व को देखते हुए नगर निगम ने शहरी क्षेत्र में कच्चे और पके हुए मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। महापौर विकास शर्मा ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों का निरीक्षण किया और प्रतिबंध के अनुपालन की स्थिति जांची।
छापेमारी के दौरान त्रिशूल चौक के पास सुखविंदर और जुनैद की दुकानों पर कच्चा और पका हुआ मांस मिलने पर निगम की टीम ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ पांच-पांच हजार रुपये के चालान की कार्रवाई की। निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि नवरात्र के दौरान प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
चेकिंग अभियान में अरुण कुमार S.I,हेमंत कुमार S I
बसन्त सुपरवाइजर,रजनीश सुपरवाइजर,बादल,सौरभ
आकाश आदि थे
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नवरात्रि का पर्व श्रद्धा, आस्था और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। श्रद्धालुओं की भावनाओं और पर्व की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से पूर्व की भांति इस बार भी शहरी क्षेत्र में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य धार्मिक भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित करना और पर्व के दौरान निर्धारित नियमों का पालन कराना है।
उन्होंने कहा कि प्रतिबंध लागू होने के बावजूद यदि कोई दुकानदार नियमों की अनदेखी कर मांस की बिक्री करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीम को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिबंध का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराया जाए और उल्लंघन के मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
महापौर ने कहा कि नियम सभी के लिए समान हैं और उनका उल्लंघन करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती। नवरात्र के दौरान प्रतिबंध का पालन कराने के लिए नगर निगम का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे नगर निगम के निर्देशों का पालन करें और धार्मिक आस्था से जुड़े इस पर्व के दौरान निर्धारित व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।