वाल्मीकि समाज ने पिक्चर पैलेस चैक पर लगाया जाम, नगर पालिका का कामकाज ठपय पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी, दो और संदिग्धों की तलाश
मसूरी। नगर पालिका के 28 वर्षीय सफाई कर्मी सतीश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने मसूरी में आक्रोश की लहर पैदा कर दी। शुरुआत में तेज रफ्तार महिंद्रा पिकअप की टक्कर से मौत की आशंका जता रही पुलिस की जांच अब हत्या के एंगल पर भी आगे बढ़ रही है। घटना से नाराज वाल्मीकि समाज के लोगों ने सोमवार को पिक्चर पैलेस चैक स्थित कुंडली चैकी पर एकत्र होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सड़क पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने नगर पालिका के कार्यों का बहिष्कार करते हुए चेतावनी दी कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक सतीश का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास करना पड़ा। सीओ मसूरी जगदीश पंत ने बताया कि मामले में बीएनएस की धारा 105 के तहत एक आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। पुलिस अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
112 पर मिली थी दोस्त द्वारा हत्या किए जाने की सूचना
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात कोतवाली मसूरी को 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक युवक की उसके दोस्त ने हत्या कर दी है और मौके से फरार हो गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भाटी, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मृतक की पहचान सतीश पुत्र जगदीश, निवासी पिक्चर पैलेस, मसूरी के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सतीश अपने परिचित सरजीत पुत्र बालम, निवासी आइटीएम लंढौर के साथ महिंद्रा पिकअप वाहन संख्या यूके07 सीडी 2926 में था। बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में थे। शाम करीब सात से आठ बजे के बीच सिविल अस्पताल, सिपलिंग स्टेट के पास किसी तीसरे व्यक्ति से उनकी कहासुनी हुई थी।
पहले वाहन की टक्कर की आशंका, अब हत्या के पहलू पर जांच
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कहासुनी के बाद सतीश और सरजीत वाहन से उतरकर पैदल पिकअप के पीछे की ओर गए। कुछ समय बाद दोनों वापस लौटे। इसके बाद सरजीत पिकअप लेकर आगे गया और फिर वापस आया। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन का किनारा सड़क किनारे खड़े सतीश को लगने की आशंका जताई गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सतीश को आसपास के लोगों ने लंढौर कम्युनिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, पुलिस को मिली पहली सूचना में दोस्त पर हत्या का आरोप लगाए जाने और घटनाक्रम में सामने आए तथ्यों के चलते मामला संदिग्ध बना हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सतीश की मौत वाहन की टक्कर से हुई अथवा इसके पीछे कोई अन्य विवाद और आपराधिक साजिश थी।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, अंतिम संस्कार से किया इन्कार
सतीश की मौत की खबर फैलते ही वाल्मीकि समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग पिक्चर पैलेस चैक स्थित कुंडली चैकी पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने के बावजूद मामले को हादसे का रूप देने की कोशिश की जा रही है। लोगों का कहना था कि जब तक सतीश की मौत के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जाता और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका के सफाई कार्यों का भी बहिष्कार किया गया। इससे शहर की सफाई व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई।
पालिका अध्यक्ष के समझाने पर भी नहीं माने प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन की सूचना पर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद सीओ मसूरी जगदीश पंत भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित को हिरासत में लिया है और अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें पुलिस की कानूनी प्रक्रिया की जानकारी नहीं है। इसलिए वे चाहते हैं कि उनका अधिवक्ता पूरे मामले और कार्रवाई की जानकारी से संतुष्ट हो। इसके बाद ही अंतिम संस्कार को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
प्रथम दृष्टया हत्या का मामला, अन्य आरोपितों की तलाश
सीओ जगदीश पंत के अनुसार, मामले में बीएनएस की धारा 105 के तहत एक आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनाक्रम में दो अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है, जिनकी पहचान की जा रही है। पुलिस उन्हें भी जल्द हिरासत में लेने का प्रयास कर रही है। पुलिस की कार्रवाई और अधिकारियों के समझाने के बाद काफी मशक्कत से जाम खुलवाया गया। इसके बाद प्रदर्शन में शामिल लोगों को कोतवाली ले जाया गया, जहां मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।अब जांच के सामने तीन अहम सवाल हैंकृसतीश की मौत की वास्तविक वजह क्या थी, तीसरे व्यक्ति से हुई कहासुनी का घटनाक्रम से क्या संबंध है और घटना के दौरान मौजूद लोगों की भूमिका क्या रही? इन सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, साक्ष्यों और पुलिस की विस्तृत जांच से सामने आने की उम्मीद है।