रामनगर में बदले की आग में रची गई खूनी साजिश! पिता की हत्या का बदला लेने के लिए विमला देवी को बनाया निशाना, तीन गिरफ्तार।

 

 

 

 

रामनगर के किशनपुर छोई में 56 वर्षीय विमला देवी की निर्मम हत्या का मामला अब एक ऐसी खूनी कहानी के रूप में सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस के खुलासे के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना थी। मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की आग में जल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या कर दी। 10 नवंबर को विमला देवी का शव घर के बाहर मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। शुरुआत में यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा था, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो हत्या की खौफनाक तस्वीर सामने आने लगी। फुटेज में तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से शव घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस और SOG की अलग-अलग टीमें गठित कीं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया। वहीं उसके दो साथी सैरान और मोहम्मद अब्बूजर को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय दबोच लिया गया, जब वे फरार होने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन डंडे, लोहे का पाना, पत्थर, वारदात में इस्तेमाल वाहन संख्या UK04 AN6012 और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।इस खुलासे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पुरानी रंजिश की आग में 56 वर्षीय विमला देवी को क्यों निशाना बनाया गया? पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे बदले की भावना मुख्य वजह रही। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को SSP नैनीताल ने 2,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की हैं