श्रीनगर में वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण परीक्षण शिविर आयोजित-100 से अधिक लाभ भारतीयों का प्रशिक्षण एवं चिन्हांक

 

श्रीनगर गढ़वाल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार गुरुवार 8 अक्टूबर 2026 को नगर निगम सभागार श्रीनगर गढ़वाल में वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष परीक्षण एवं चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को),जिला प्रशासन पौड़ी गढ़वाल तथा समाज कल्याण विभाग पौड़ी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं दिव्यांगजनों के लिए सहायता उपकरण योजना के अंतर्गत किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वृद्धजन एवं दिव्यांगजन पहुंचे,जहां विशेषज्ञों द्वारा उनकी आवश्यकताओं का परीक्षण एवं चिन्हांकन किया गया। परीक्षण के आधार पर पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के लिए पंजीकरण किया गया। शिविर में 100 से अधिक लाभार्थियों ने पहुंचकर इसका लाभ उठाया। शिविर का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी रहा कि यहां केवल सहायक उपकरणों के लिए परीक्षण एवं पंजीकरण ही नहीं किया गया,बल्कि जरूरतमंद वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को उनके कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपस्थित लोगों को बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर,असहाय एवं पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था है और आवश्यकता पड़ने पर वे विधिक सेवा प्राधिकरण से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। शिविर में लाभार्थियों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र,विशिष्ट दिव्यांग पहचान पत्र (यूडीआईडी),सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए पंजीकरण सहित विभिन्न आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान किया गया। इससे ऐसे अनेक लोगों को राहत मिली,जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग को सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें उनके अधिकारों और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण उनकी दैनिक गतिविधियों को आसान बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पराविधिक स्वयंसेवी पूनम हटवाल,प्रकाश नेगी,प्रियंका राय,रोशनी देवी एवं प्रीति बिष्ट उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों ने शिविर में पहुंचे लाभार्थियों को आवश्यक जानकारी देने के साथ ही पंजीकरण एवं अन्य प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान किया। स्थानीय स्तर पर आयोजित इस शिविर को वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी पहल माना जा रहा है। शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर परीक्षण,चिन्हांकन,पंजीकरण तथा विधिक सहायता से संबंधित जानकारी मिलने से लाभार्थियों को काफी सुविधा मिली। इस तरह के शिविर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो रहे हैं।