दुःख की घड़ी में माहेश्वरी परिवार ने मानवता की मिसाल प्रस्तुत की

 

 

स्वर्गीय श्री रमेश चंद्र माहेश्वरी जी का नेत्रदान बना दो जरूरतमंदों के लिए नई रोशनी की किरण।

 

वसुधैव कुटुम्बकम्, काशीपुर के सेवा अभियान में 67वाँ नेत्रदान संपन्न।

 

अपनों के बिछड़ने का दुःख जीवन की सबसे कठिन घड़ियों में से एक होता है, लेकिन इसी पीड़ा के बीच यदि कोई परिवार दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला भरने का कार्य करे, तो वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। काशीपुर के माहेश्वरी परिवार ने ऐसा ही अनुकरणीय उदाहरण ब्रह्मलीन श्री रमेश चंद्र माहेश्वरी जी के मरणोपरांत नेत्रदान का निर्णय लेकर प्रस्तुत किया।

 

स्वर्गीय श्री रमेश चंद्र माहेश्वरी जी के सुपुत्र श्री सचिन माहेश्वरी जी ने परिवार की ओर से नेत्रदान की सहमति प्रदान की। इस पुनीत कार्य के माध्यम से दो दृष्टिबाधित व्यक्तियों के जीवन में रोशनी आने की संभावना बनेगी। परिवार का यह निर्णय इस बात का भी प्रमाण है कि किसी अपने की स्मृतियों को मानवता की सेवा से जोड़कर सदैव जीवंत रखा जा सकता है।

 

इस सेवा कार्य को संपन्न कराने में समाजसेवी गौरव गर्ग जी (मास्टर माइंड) एवं अंकित अग्रवाल जी (श्री राम ट्रेडर्स, घासमण्डी), का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि नेत्रदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना, आज के समय की आवश्यकता है। सही समय पर मिली जानकारी और परिजनों की सहमति किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में आशा की नई किरण बन सकती है।

 

वसुधैव कुटुम्बकम् के संस्थापक सदस्य अजय अग्रवाल जी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल नेत्रदान संपन्न कराने के साथ साथ नेत्रदान सम्बन्धी समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर कर, अधिक से अधिक परिवारों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना भी है।

 

संस्था के नेत्रदान प्रकल्प संयोजक सीए सचिन अग्रवाल जी ने बताया कि संस्था नेत्रदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यकता पड़ने पर नेत्रदान की प्रक्रिया में परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

 

संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माहेश्वरी परिवार के इस साहसिक एवं संवेदनशील निर्णय की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के जीवन में दृष्टि का उपहार देना मानवता की सर्वोच्च सेवा भावनाओं में से एक है।

 

इस अवसर पर संस्था के संरक्षक श्री योगेश जिंदल जी, अध्यक्ष विकास जैन जी, सचिव प्रियांशु बंसल जी, कोषाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल जी, संस्थापक सदस्य अजय अग्रवाल जी, दीपक मित्तल जी, आशीष गुप्ता जी, अनुज सिंघल जी, अंकुर मित्तल जी, आशीष पैगिया जी एवं सीए सचिन अग्रवाल जी ने ब्रह्मलीन श्री रमेश चंद्र माहेश्वरी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

 

वसुधैव कुटुम्बकम्, काशीपुर की क्षेत्रवासियों से अपील है कि नेत्रदान के महत्व को समझें और अपने परिवार में इस विषय पर खुलकर चर्चा करें। मृत्यु के पश्चात नेत्रदान का संकल्प किसी दो जरूरतमंद व्यक्तियों के जीवन में प्रकाश लाने का माध्यम बन सकता है।

 

आइए, किसी के जाने के बाद भी उसकी आँखों से दुनिया देखने का अवसर किसी और को भी दें।