श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के श्रीनगर मंडल ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में श्रीनगर मंडल की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई,जिसमें राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पखवाड़ेभर के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति,बूथ प्रबंधन,जनसंपर्क अभियान और संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने की,जबकि मंडल विस्तारक शैलेन्द्र सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए आगामी चुनावों के दृष्टिगत अपनी तैयारियों और जिम्मेदारियों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में सर्वप्रथम राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित पखवाड़ेभर के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। मंडल नेतृत्व ने बताया कि मंडल के सभी शक्ति केंद्रों में निर्धारित कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए हैं। इसके लिए संबंधित शक्ति केंद्रों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी गई। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि मंडल के सभी बूथों का सत्यापन एवं संगठनात्मक गठन संबंधी कार्य पूरा कर लिया गया है। इसे आगामी चुनावी तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण संगठनात्मक प्रक्रिया बताया गया। बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अभी से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी सक्रियता के साथ करना होगा। संगठन की गतिविधियां केवल बैठकों तक सीमित न रहें,बल्कि प्रत्येक बूथ और प्रत्येक परिवार तक कार्यकर्ताओं की पहुंच सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा आम जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत द्वारा श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा,स्वास्थ्य,सड़क,पेयजल सहित विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में किए गए प्रयासों और उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकास कार्यों का तथ्यात्मक विवरण आमजन के समक्ष रखने तथा क्षेत्र की जनता से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं को संगठन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। मंडल विस्तारक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने संगठन की कार्यपद्धति और बूथ प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक मजबूती उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता से निर्धारित होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर नियमित संपर्क बनाए रखने,संगठनात्मक गतिविधियों को निरंतर संचालित करने और प्रत्येक मतदाता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन आपसी समन्वय,अनुशासन और सामूहिक सहभागिता के साथ किया जाना चाहिए। कार्यकर्ताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के साथ ही जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय मुद्दों को भी गंभीरता से समझना होगा। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक तैयारियों को व्यवस्थित रूप देने,शक्ति केंद्रों एवं बूथों पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनसंपर्क गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक के अंत में मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठनात्मक एकजुटता के साथ निर्धारित जिम्मेदारियों को पूरा करने की अपील की। इस अवसर पर मंडल महामंत्री दिनेश पटवाल,मंडल मीडिया प्रभारी प्रकाश सती,नगमा तौफीक,मोनिका कंडारी,शरोंन प्रभाकर,उषा कंडारी सहित मंडल के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।