राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को खिलाई गई कृमिनाशक दवा

 

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आज राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की टीम द्वारा आदर्श मॉर्डन स्कूल प्रेमनगर और राजकीय इंटर कॉलेज मैसमोर पौड़ी में बच्चों को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त करना तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चों को कृमिनाशक दवा के महत्व एवं उसके लाभों के बारे में जानकारी दी गई। दोनों विद्यालयों में कुल 144 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलायी गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने बताया कि आज जनपद में 1 से 19 वर्ष के 74060 बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवाई खिलाई गई दवाई खाने से छुटे बच्चों को 25 नवंबर 2026 को मॉप अप दिवस पर दवाई खिलाई जाएगी।इसके साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में हड़ताल के कारण बच्चों को दवाई नहीं खिलाई जा सकी,अब आंगनवाड़ी केंद्रों में हड़ताल समाप्ति के बाद राज्य से प्राप्त दिशा निर्देशों के उपरांत आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों को एल्बेंडाजॉल दवाई खिलाई जाने हेतु अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु स्वास्थ्य विभाग की टीमों एवं समस्त विद्यालय प्रशासन का आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण नैथानी,डॉ.योगेंद्र सिंह आर.के.एस.के.मैनेजर,मनमोहन पटवाल,आर.बी.एस.के.मैनेजर निम्मी कुकरेती,शुभम रावत,वैजयंती रावत के साथ ही विद्यालय के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।