वैश्विक शोध की राह होगी आसान-स्कोपस के माध्यम से शोधार्थियों को मिली गुणवत्तापूर्ण शोध और प्रकाशन की नई दिशा

 

 

 

श्रीनगर गढ़वाल। शोध की गुणवत्ता,अकादमिक विश्वसनीयता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध कार्यों की पहचान स्थापित करने की दिशा में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की गई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में शोधार्थियों,शिक्षकों एवं अकादमिक समुदाय को आधुनिक शोध संसाधनों से परिचित कराने के उद्देश्य से स्कोपस (एससीओपीयूएस) शोध डेटाबेस पर आधारित ऑनलाइन विशेषज्ञ व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। खोज से प्रभाव तक-शोध के बेहतर मार्गों का समझदारी से उपयोग विषय पर आयोजित इस व्याख्यान में देश के विभिन्न क्षेत्रों से 400 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया,जबकि लगभग 230 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ.हर सिंह ने विशेषज्ञ वक्ता एवं सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में स्कोपस के दक्षिण एशिया क्षेत्र के ग्राहक सफलता प्रबंधक डॉ.नितिन घोषाल ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में शोधार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने शोध की प्रारंभिक खोज से लेकर उसके अंतरराष्ट्रीय अकादमिक प्रभाव तक की पूरी प्रक्रिया में स्कोपस की महत्वपूर्ण भूमिका को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शोध केवल शोधपत्र प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है,बल्कि उसकी प्रामाणिकता,व्यापक पहुंच,उद्धरणों और अकादमिक उपयोगिता के आधार पर भी उसका प्रभाव निर्धारित होता है। व्याख्यान के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों से संबंधित शोध सामग्री,प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं और लेखक परिचय की खोज करने,शोध प्रकाशनों एवं उद्धरणों का विश्लेषण करने तथा संभावित वित्तपोषण संस्थाओं और शोध सहयोगियों की पहचान करने की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही शोध की विश्वसनीयता,अकादमिक नैतिकता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार उपयोग जैसे समसामयिक विषयों पर भी विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष स्कोपस मंच का व्यावहारिक प्रदर्शन रहा। डॉ.घोषाल ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों को इस शोध डेटाबेस की कार्यप्रणाली और उपयोगिता समझाई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार शोधार्थी अपने विषय से संबंधित प्रमाणिक शोध सामग्री तलाश सकते हैं,लेखक एवं शोध पत्रिकाओं की अकादमिक स्थिति का आकलन कर सकते हैं तथा प्रकाशित शोधपत्रों और उनके उद्धरणों के माध्यम से अपने शोध की प्रभावशीलता को समझ सकते हैं। इस प्रदर्शन से प्रतिभागियों को आधुनिक डिजिटल शोध उपकरणों के व्यावहारिक उपयोग की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने शोध प्रकाशन,उपयुक्त शोध पत्रिका के चयन,शोध की अंतरराष्ट्रीय दृश्यता,उद्धरण विश्लेषण और स्कोपस के प्रभावी उपयोग से संबंधित अनेक सवाल पूछे। विशेषज्ञ वक्ता ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए उपयोगी सुझाव प्रदान किए। इससे कार्यक्रम एक औपचारिक व्याख्यान तक सीमित न रहकर ज्ञानवर्धक और सहभागितापूर्ण अकादमिक संवाद के रूप में सामने आया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के शोधार्थियों,शिक्षकों एवं शोधकर्ताओं को आधुनिक डिजिटल शोध संसाधनों के प्रति जागरूक करना तथा उनके शोध कार्यों को अधिक गुणवत्तापूर्ण,प्रमाणिक,प्रभावशाली और वैश्विक स्तर पर दृश्यमान बनाने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंजीकरण और प्रतिभागियों की सक्रिय उपस्थिति ने यह स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय का अकादमिक समुदाय शोध की गुणवत्ता,नवाचार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। केंद्रीय पुस्तकालय की यह पहल विश्वविद्यालय में शोध संस्कृति को मजबूत बनाने और शोधार्थियों को वैश्विक अकादमिक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हुई।