मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा करेगा शरीर-पुरुषोत्तम दत्त पांडेय ने देहदान का लिया संकल्प,समाज के सामने पेश की अनुकरणीय मिसाल

 

 

 

श्रीनगर गढ़वाल। मानव जीवन की सार्थकता केवल स्वयं के लिए जीने में नहीं,बल्कि दूसरों के जीवन को बेहतर बनाने में भी निहित है। कुछ लोग अपने सेवाभाव और मानवीय संवेदनाओं से ऐसी मिसाल कायम कर जाते हैं,जो समाज को लंबे समय तक प्रेरित करती रहती है। ऐसा ही अनुकरणीय कदम उठाते हुए 56 वर्षीय पुरुषोत्तम दत्त पांडेय ने मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा करने का संकल्प लिया है। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण में योगदान देने के उद्देश्य से अपना पार्थिव शरीर दान करने की सहमति दी है। मंगलवार को मुसोली गांव लंग्वाल्यूं बगड़ पट्टी चलणस्यूं श्रीनगर निवासी पुरुषोत्तम दत्त पांडेय राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के एनाटॉमी विभाग पहुंचे। यहां उन्होंने देहदान के लिए निर्धारित शपथ प्रमाण पत्र भरकर औपचारिक रूप से अपनी सहमति दर्ज कराई। वर्तमान में वह यूपीसीएल पौड़ी में कार्यरत हैं। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ.अनिल द्विवेदी ने देहदान से संबंधित आवश्यक जानकारी देने के साथ ही पंजीकरण की सभी औपचारिकताएं पूरी कराईं तथा उन्हें पंजीकरण प्रपत्र प्रदान किया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने पुरुषोत्तम दत्त पांडेय के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि देहदान और अंगदान मानवता की सेवा के अत्यंत पुनीत माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि देहदान से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को मानव शरीर की संरचना,विभिन्न अंगों की कार्यप्रणाली और शारीरिक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। इससे भविष्य के चिकित्सकों को बेहतर प्रशिक्षण देने और चिकित्सा विज्ञान की शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री भी मन की बात सहित विभिन्न अवसरों पर अंगदान और देहदान के प्रति जनमानस को जागरूक करते रहे हैं। समाज में इस विषय को लेकर जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है,ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य के लिए आगे आएं। पुरुषोत्तम दत्त पांडेय का यह संकल्प केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं,बल्कि समाज के लिए मानवता,संवेदनशीलता और परोपकार का संदेश भी है। उनका यह कदम बताता है कि सेवा की भावना जीवन की अंतिम सांस के बाद भी समाप्त नहीं होती,बल्कि किसी अन्य के ज्ञान,भविष्य और जीवन निर्माण का आधार बन सकती है।