मसूरी में 70 वाहनों पर कार्रवाई, नाबालिगों की स्कूटी भी सीजमसूरी में परिवहन विभाग, पुलिस, प्रशासन और पालिका की संयुक्त कार्रवाई; सड़क किनारे खड़े वाहनों पर भी शिकंजामसूरी, पहाड़ों की रानी मसूरी में बिगड़ती यातायात व्यवस्था और नियमों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने अब सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को परिवहन विभाग, जिला प्रशासन, मसूरी पुलिस और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम ने गांधी चौक, स्प्रिंग रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, प्रतापगढ़ चौक समेत विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब 70 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों को सीज कर नगर पालिका के सुपुर्द किया गया। अभियान का नेतृत्व टीटीओ प्रज्ञा पंत ने किया। टीम ने विशेष रूप से अनधिकृत रूप से संचालित टैक्सी स्कूटी, बिना निर्धारित स्थान पर पार्क किए गए दोपहिया वाहनों और मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुछ नाबालिग भी स्कूटी चलाते हुए मिले। उनके चालान करने के साथ ही संबंधित स्कूटी को भी सीज कर दिया गया।टीटीओ प्रज्ञा पंत ने बताया कि जिलाधिकारी देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में मसूरी में अभियान शुरू किया गया है। जांच में कई वाहन चालक मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि कई स्कूटी संचालक सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात व्यवस्था प्रभावित कर रहे हैं। वहीं कुछ वाहन निर्धारित स्थान के बजाय अन्य जगहों से संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे मामलों में लाइसेंस संबंधी कार्रवाई भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि मसूरी में आने वाले दिनों में अभियान को और तेज किया जाएगा। मुख्य चौराहों और सड़कों के किनारे अनियमित तरीके से खड़े दोपहिया और टैक्सी वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।अभियान के दौरान नाबालिगों के स्कूटी चलाने का मामला भी सामने आया। नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश के बाद अनधिकृत रूप से संचालित स्कूटी और टैक्सियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। करीब 70 से अधिक स्कूटी और अन्य वाहनों पर कार्रवाई की गई है। कुछ नाबालिग वाहन चलाते मिले, जिनके चालान करने के साथ वाहनों को भी सीज किया गया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।सभासद जसवीर कौर ने कहा कि स्प्रिंग रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग और प्रतापगढ़ चौक में सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े किए जाने और स्कूटी संचालन के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इस संबंध में उनके द्वारा कई बैठकों में शिकायत उठाई गई थी। जिलाधिकारी द्वारा इसका संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कराना महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जिलाधिकारी और परिवहन विभाग से मांग की कि इस तरह का अभियान नियमित रूप से चलाया जाए, ताकि मुख्य बाजार और संपर्क मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने की प्रवृत्ति पर रोक लग सके।