श्रीनगर गढ़वाल। खेल प्रतिभाओं को मंच,सम्मान और प्रोत्साहन देने की दिशा में रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल ने सराहनीय पहल करते हुए क्षेत्र की चार होनहार खेल प्रतिभाओं को रोटरी स्पोर्ट्स स्टार अवार्ड से सम्मानित किया। शनिवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में आयोजित समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर रोटरी क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय अंतरविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता का भी विधिवत शुभारंभ हुआ,जिसमें विभिन्न विद्यालयों के 200 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। समारोह में मास्टर एथलीट सब्बल सिंह,मैराथन धाविका मीना कंडारी,राष्ट्रीय स्तर की आर्म रेसलर आकृति कंडारी तथा राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाली सनाया भंडारी (माही) को रोटरी स्पोर्ट्स स्टार अवार्ड से सम्मानित किया गया। मास्टर एथलीट सब्बल सिंह को कठिन मानी जाने वाली 42 किलोमीटर की आदि कैलाश परिक्रमा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विजेता बनने तथा लंबी दूरी की अन्य प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने के लिए सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं को लंबी दूरी की दौड़ और साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित किया है। मैराथन धाविका मीना कंडारी को 42 किलोमीटर की नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन मैराथन तथा 21 किलोमीटर की कसार फेस्ट रन मैराथन में विजेता रहने की उपलब्धि पर रोटरी स्पोर्ट्स स्टार अवार्ड प्रदान किया गया। कठिन परिस्थितियों में लंबी दूरी की दौड़ में उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए क्लब ने उन्हें सम्मानित कर खेल जगत में उनकी उपलब्धियों को पहचान दी। राष्ट्रीय स्तर की आर्म रेसलिंग में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल कर चुकीं आकृति कंडारी को भी रोटरी स्पोर्ट्स स्टार अवार्ड से नवाजा गया। आकृति कंडारी व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष बासुदेव कंडारी की सुपुत्री हैं। कार्यक्रम में आकृति की ओर से उनके मेडल एवं प्रशस्ति पत्र उनके पिता बासुदेव कंडारी ने प्राप्त किए। राष्ट्रीय स्तर पर उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया गया। स्कूल वर्ग की तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाली सनाया भंडारी (माही) को भी रोटरी स्पोर्ट्स स्टार अवार्ड से सम्मानित किया गया। सनाया की ओर से उनकी माता एवं श्रीनगर की मेयर आरती भण्डारी तथा पिता लखपत भण्डारी ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र ग्रहण किया। कम उम्र में खेल के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही सनाया की उपलब्धियों को समारोह में विशेष रूप से सराहा गया। 200 से अधिक खिलाड़ी अंतरविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता में ले रहे हिस्सा,खिलाड़ियों के सम्मान के बाद रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल की दो दिवसीय अंतरविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में क्षेत्र के अलग-अलग विद्यालयों के 200 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक खेल का अनुभव देने के साथ उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डीन,रिक्रूटमेंट एवं प्रमोशन प्रो.मोहन पंवार ने किया। उन्होंने रोटरी क्लब की सामाजिक एवं खेल गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं,बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन,आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता,धैर्य और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को सम्मान और मंच मिलने से युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सहायक खेल निदेशक मोहित बिष्ट,रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अनिल ढौडियाल,क्लब सचिव रोटेरियन डॉ.हरीश भट्ट,कोषाध्यक्ष रोटेरियन डॉ.राजेंद्र भंडारी,रोटेरियन बृजेश भट्ट,एस.पी.घिल्डियाल,अनूप घिल्डियाल,के.बी.थपलियाल,प्रो.मोनिका गुप्ता,मनीष कोठियाल,आशीष सुन्द्रियाल,सीताराम बहुगुणा सहित विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी,अभिभावक,खेल अधिकारी एवं रोटरी क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रतियोगिता समन्वयक रोटेरियन संदीप रावत ने किया। रोटरी क्लब की इस पहल से जहां क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मान मिला वहीं अंतरविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता के माध्यम से नई खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर भी मिला। खेल प्रतिभाओं के सम्मान और युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने की यह पहल श्रीनगर क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।







