मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे “जन जन की सरकार, जन जन के द्वार” अभियान के तहत विकासनगर ब्लॉक परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, राजस्व समेत विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान और एसडीएम विनोद कुमार ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जनहित के कार्यों में पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बाल श्रम को रोकने, ऐसे बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने पर भी विशेष जोर दिया।








