पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला पंचायत सदस्य 29 टीला डॉ.शिवचरण नौडियाल ने पौड़ी स्थित गढ़वाल आयुक्त कार्यालय में नवनियुक्त गढ़वाल आयुक्त से शिष्टाचार भेंट कर अपने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों से संबंधित अनेक ज्ञापन एवं प्रस्ताव सौंपे। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले क्षेत्र में युवा कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि रोजगार के सीमित अवसरों के कारण क्षेत्र के युवा लगातार पलायन कर रहे हैं। यदि स्थानीय स्तर पर कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाता है तो युवाओं को कंप्यूटर,डिजिटल सेवाएं,पर्यटन एवं होम-स्टे प्रबंधन,होटल एवं आतिथ्य सेवा,इलेक्ट्रिशियन,प्लंबिंग,मोबाइल रिपेयरिंग,सिलाई-कढ़ाई,उद्यानिकी सहित विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जा सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा युवाओं के पलायन पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में सहायता मिलेगी। इस दौरान डॉ.नौडियाल ने क्षेत्र में आपदा प्रबंधन,विद्युत,सड़क,पेयजल एवं कृषि सुरक्षा से संबंधित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखा । उन्होंने ग्राम बंगाणियों,स्योली तल्ली सहित अन्य गांवों में लगभग 10-11 वर्षों से कृषि भूमि एवं मुख्य मार्गों के बीच स्थापित ट्रांसफॉर्मरों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ये ट्रांसफॉर्मर ग्रामीणों एवं पशुओं की सुरक्षा के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। साथ ही विभिन्न गांवों में झूलती विद्युत लाइनों की समस्या का भी उल्लेख करते हुए उनके शीघ्र सुधार की आवश्यकता बताई। उन्होंने क्षेत्र के अनेक स्थानों पर भूस्खलन की गंभीर समस्या की ओर आयुक्त का ध्यान आकर्षित करते हुए विशेष रूप से ग्राम खंड तल्ला से पूर्व वर्षों से भूस्खलन क्षेत्र के स्थायी उपचार की मांग की। इसके अतिरिक्त कुंवाखरक,काण्डा बरतोली,बहेड़ी,भरीख,किमोली सहित विभिन्न संपर्क मार्गों एवं पुलियों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करने का भी अनुरोध किया। बैठक के दौरान उन्होंने जंगली जानवरों जैसे भालू,जंगली सूअर एवं बंदरों द्वारा किसानों की फसलों को हो रहे भारी नुकसान का उल्लेख करते हुए आवश्यकता वाले ग्रामों में चेन लिंक फेंसिंग (तारबाड़) की व्यवस्था कराने की मांग रखी। साथ ही कई इंटर कॉलेजों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त पेयजल संकट के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का आग्रह किया। वार्ता के दौरान गढ़वाल आयुक्त ने प्रस्तुत सभी प्रस्तावों एवं जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। डॉ.नौडियाल ने विश्वास व्यक्त किया कि पूर्णकालिक गढ़वाल आयुक्त की नियुक्ति से क्षेत्र की लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र गति मिलेगी और आम जनता को उनका लाभ प्राप्त होगा।