उधम सिंह नगर के खटीमा से बड़ी खबर है, जहां हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। खेतलसंडा खाम में युवती से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके पिता रोहित के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि इसी दौरान संजय ने चारपाई की पाटी से रोहित के सिर पर वार किया, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में कोतवाली खटीमा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीम ने 29 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुराने रेलवे फाटक, खेतलसंडा के पास से दोनों नामजद आरोपी सुभाष और संजय को गिरफ्तार कर लिया।दोनों आरोपियों को 30 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस का कहना है कि सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








